फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: नाली विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच हुआ खूनी संघर्ष, एक व्यक्ति ने तोड़ा इलाज के दौरान दम

विज्ञापन
विज्ञापन
बवानीखेड़ा (भिवानी)। बवानीखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव अलखपुरा में सोमवार सुबह नाली की सफाई को लेकर हुए परिवार के आपसी झगड़े में घायल अधेड़ ने देर रात रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। वहीं मृतक की पत्नी और चार माह की गर्भवती पुत्रवधू घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान गांव अलखपुरा निवासी रामकुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन

मृतक रामकुमार की पत्नी कमलेश ने बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गृहिणी हैं और सोमवार 19 फरवरी की सुबह उसकी पुत्रवधू मीनाक्षी मकान के बाहर जेठ के लड़के पवन व इसके परिवार द्वारा बंद की गई नाली को साफ करने के लिए गई थी। इस दौरान जेठ के लड़के पवन व पवन की पत्नी रेवती और मां भतेरी से मीनाक्षी का विवाद हो गया। पवन व उसकी पत्नी और मां ने मीनाक्षी को कस्सी के बिंडे और कपड़े धोने की थापी से पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर अपनी पुत्रवधू को बचाने आई कमलेश पर भी आरोपियों ने बिंडे और थापी से हमला कर दिया। वहीं पत्नी और पुत्रवधू का बचाव करने आए रामकुमार पर भी आरोपियों ने हमला कर गंभीर रूप से चोटिल कर दिया।
कमलेश ने बताया कि गहरी चोट लगने से उनके पति जमीन पर गिर गए, लेकिन आरोपी उनके जमीन पर गिरने के बाद भी सिर पर चोट मारते रहे। मौके पर आए उनके भतीजे व इकट्ठा हुए अड़ोस-पड़ोस के लोगों को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर चले गए।
विज्ञापन

-
पहले बवानीखेड़ा, फिर घायलों को भेजा भिवानी के नागरिक अस्पताल
झगड़े की सूचना पर रामकुमार का बेटा मौके पर पहुंचा और अपने पिता सहित मां व चार माह की गर्भवती पत्नी को बवानीखेड़ा के सामान्य अस्पताल लेकर आया। जहां डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बद भिवानी जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। भिवानी के नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने रामकुमार की पुत्रवधू को दाखिला कर लिया। वहीं रामकुमार और कमलेश को ज्यादा चोट होने के कारण रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जहां सोमवार देर रात रामकुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने मृतक रामकुमार की पत्नी के बयान पर तीन आरोपी पवन, रेवती और भतेरी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार के लोगों में नाली सफाई को लेकर हुए विवाद में घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान रोहतक पीजीआई में मृत्यु हो गई है। मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी सामान्य अस्पताल भिवानी में उपचाराधीन है जिसके कारण कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है । मृतक की पत्नी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, मामले की जांच चल रही है।
विज्ञापन


-संजय कुमार, एसएचओ, थाना बवानीखेड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें