भिवानी। जिले में बुधवार को ब्लैक फंगस का एक मामला सामने आया है। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिले में ब्लैक फंगस के अब तक 34 मामले सामने आ चुके है और छह की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जिला सामान्य अस्पताल की ओपीडी में एक व्यक्ति चेकअप करवाने के लिए आया था। उसे पिछले कई दिन से आंख में दिक्कत थी। जांच के दौरान चिकित्सक ने उसका ब्लैक फंगस होने की पुष्टि की। चिकित्सक ने तुरंत प्रभाव से उसको उपचार देकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिले में अब तक कुल 34 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से छह की मौत हो गई और तीन ठीक हो चुके हैं। फिलहाल जिले में फंगस के 25 सक्रिय केस हैं। जिन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, पीजीआईएमएस रोहतक व गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि फंगस से बचाव के लिए जागरूकता आवश्यक है। अपने आस पास के क्षेत्र में सफाई रखते। रोजाना मास्क को गर्म पानी में धोएं। समय-समय पर हाथ सैनिटाइज करें।