सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से बातचीत करते भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक।
भिवानी। जिले के विभिन्न गांवों में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी बढ़ाने की मांग को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी से मुलाकात की। उन्होंने कायला, बड़ाला, बामला, उमरावत, सांगा, मानहेरू और धारेडू सहित कई गांवों में पीने के पानी की किल्लत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विदित रहे कि बीते दिनों विरेंद्र कौशिक ने इन गांवों का दौरा किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति की दयनीय स्थिति उनके सामने रखी थी। ग्रामीणों का कहना था कि कई इलाकों में नहरों के टेल (अंतिम छोर) तक पानी नहीं पहुंच रहा है जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सिंचाई मंत्री से मुलाकात के बाद कौशिक ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है और कायला, बड़ाला तथा बामला जैसे गांवों में पेयजल समस्या गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने मांग की कि विभाग अभी से ठोस और प्रभावी कदम उठाए, ताकि गर्मी के दिनों में लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने आमजन की पेयजल संबंधी समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
मंत्री श्रुति चौधरी ने जिलाध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को इन गांवों की तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नहरों की मरम्मत कर टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी तथा जहां आवश्यकता होगी वहां पानी की मात्रा बढ़ाकर वितरण प्रणाली को सुचारु किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि भिवानी उनका गृह जिला है और यहां के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।