आ सुण ले मेरा ठिकाणा रै, यो भारत म्है हरियाणा, हैप्पी बर्थ डे टू भिवानी... गीतों के साथ रविवार को भिवानी का 48वां जन्म दिवस यानी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। जिला प्रशासन की ओर से पुष्प वर्षा के साथ केक काटा गया और गुब्बारे छोड़े गए। विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
रविवार को पंचायत भवन में आयोजित समारोह का शुभारंभ सांसद धर्मबीर सिंह व उपायुक्त सुजान सिंह ने बीन की स्वर लहरी व वैश्य मॉडल स्कूल के बच्चों के बैंड की धुन के साथ की। सांसद व उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ केक काटा। खुशी व खुशहाली के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े। स्कूली बच्चों ने सांसद व अधिकारियों पर पुष्प वर्षा की। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया, एसडीएम सतीश कुमार, नगर परिषद के चेयरमैन रण सिंह यादव, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरपी सिंह, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक डॉ. एसआर गोदारा, ठा. विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों ने मचाया धमाल : समारोह में स्कूली बच्चों व अन्य कलाकारों ने देशभक्ति व सांस्कृतिक विरासत के रंग भरे। स्कूली बच्चों ने हरियाणवी, राजस्थानी व विवाह समारोह के रिती-रिवाजों के गीतों से खूब तालियां बटोरी। समारोह का संचालन अनीता नाथ ने किया। वैश्य कॉलेज के प्रो. हरिकेष पंघाल ने एक शहीद के पार्थिव शरीर के घर आने की मार्मिक रचना प्रस्तुत की। श्रीनिवास मयंक ने गीत, जगत नारायण ने व्याख्यान, राजकीय कॉलेज से हरिओम ने रागनी की प्रस्तुति दी। राजीव गांधी महिला कॉलेज से छात्रा रजनी नृत्य खूब सराहा गया। बीपीएस स्कूल के बच्चों ने आ सुण ले मेरा ठिकाणा रै, यो भारत म्है हरियाणा की प्रस्तुति दी। आदर्श कॉलेज की छात्राओं ने हरियाणवी गीत की प्रस्तुति दी। बच्चों, कलाकारों ने हरियाणवी संस्कृति के साथ-साथ जिला भिवानी के विकास की गाथा व शूरवीरों की कहानी भी पेश की।
प्रदर्शनी रही खास : कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से जिला भिवानी पर विकासपरक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी बेहतर रही। स्वच्छता, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, पुरातात्विक, ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहर, दुर्लभ छायाचित्र, राजनीतिक, दानवीर, प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों सहित जिले की महत्त्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई। जिला कागार द्वारा कैदियों से तैयार किए गए चरखे, खिलौने, घडिय़ां बेहतर रही। सैनिक बोर्ड की प्रदर्शनी में भिवानी व दादरी जिले के विभिन्न 15 कारगिल शहीदों की फोटो सहित जानकारी और प्रदेश के 68 कारगिल वार हीरोज की जानकारी दी गई। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा भिवानी शहर सहित तोशाम, बवानीखेड़ा, लोहारू व सिवानी की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों की प्रदर्शनी लगाकर उनके छायाचित्रों एवं तथ्यों के साथ महत्त्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
ये रहे मौजूद : अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, एसडीएम भिवानी सतीश कुमार, एसडीएम सिवानी सतबीर सिंह मान, डीआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष फौगाट, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, डीआईओ पंकज बजाज, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जेपी सभ्रवाल, प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान राम अवतार शर्मा, प्रदीप कौशिक, समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, नगर व्यापार मंडल प्रधान भानू प्रकाश, प्रीतम अग्रवाल, डॉ. अतर सिंह यादव, संजय दुआ,रमन सांडिल्य, दिव्यांग बच्चों के आस्था स्कूल के संचालक व संस्थाक विजय शर्मा व सुमन शर्मा, मीना जांगड़ा, ग्रीन सोसायटी से यतेंद्रनाथ, लायंस क्लब के प्रधान, डॉ. करण पूनिया, हलवासिया स्कूल के प्रशासक दिवानचंद रहेजा आदि मौजूद रहे।