भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल तीन पीजीटी की परीक्षा में पहले दिन जैमर ऑन होते ही बायोमेट्रिक प्रणाली से जांच धीमे होने से व्यवस्था प्रभावित हो गई। नेट धीमे चलने के कारण परीक्षार्थियों की लंबी लाइन लग गई। एक ओर जहां कर्मचारी परेशान थे, वहीं लाइन में लगे अभ्यर्थी भी परेशान नजर आए। बाद में पता चला कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर ऑन होने के कारण नेट संबंधित समस्या आई। इस समस्या का लेट आने वाले विद्यार्थियों को फायदा मिला और सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल गया।
भिवानी में एचटेट लेवल तीन पीजीटी परीक्षा के लिए 12 शिक्षण संस्थाओं में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारियों ने सुबह ही जैमर ऑन कर दिए। इसका खामियाजा बायोमेट्रिक जांच में परीक्षार्थियों और कर्मचारियों को झेलना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अभ्यर्थियों की बाई आंख की स्क्रीनिंग में खासी समस्या आई। शहर के केएम स्कूल, वैश्य मॉडल स्कूल, भिवानी पब्लिक स्कूल, पब्लिक स्कूल बाल भवन और कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों पर समस्या ज्यादा रही। कर्मचारी पहले सोचते रहे कि मौसम खराब होने के कारण नेट संबंधित समस्या है मगर बाद जैमर का पता लगा। मामला बोर्ड अधिकारियों तक भी पहुंचा। जिस कारण लेट आने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश मिला। पूरी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिला। महिला परीक्षार्थियों से कानों की बालियां, नाक की नथनी, ब्रेसलेट, चूड़ियां तक उतरवाई गई। वहीं पुरुषों को भी बेल्ट पहनकर जाने की अनुमति नहीं थी।
अब सुबह साढ़े नौ बजे और दोपहर में ढाई बजे ही ऑन होगा जैमर
बोर्ड अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया तो बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने प्रदेशभर में बनाए परीक्षा केंद्रों पर निर्देश जारी किए है कि समय से पहले जैमर ऑन न करें। निर्धारित समय सुबह के सत्र में साढ़े नौ बजे और सायंकालीन सत्र में दोपहर ढाई बजे ही जैमर ऑन करें।
फॉर्म आवेदन करने वाले दुकानदार की लापरवाही, परीक्षा से वंचित हुई महिला परीक्षार्थी
केएम स्कूल के बाहर कुछ ऐसे मामले भी सामने आए, जिसमें फार्म आवेदन करते समय दुकानदार की गलती के कारण परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रह गए। एक परीक्षा परीक्षार्थी का नाम सुमन कुमारी था जबकि उसके ऑनलाइन हस्ताक्षर कॉपी किसी मोनिका नामक अभ्यर्थी के कर दिए गए। ऐसे में अभ्यर्थी को प्रवेश से रोक दिया गया।
महिलाएं दे रही परीक्षा तो नौनिहालों को संभाल रहे परिजन
एचटेट परीक्षा देने के लिए अनेक ऐसी महिला अभ्यर्थी भी पहुंची, जिनके बच्चे बहुत छोटे थे। ऐसे में महिलाओं के पति व अन्य परिजनों को परीक्षा केंद्रों के बाहर छोटे बच्चों को संभालते देखा गया।
शहर में लगा जाम
एचटेट परीक्षा के दौरान शनिवार को दिनभर जाम के हालात रहे। मगर परीक्षा खत्म होने के समय शाम करीब साढ़े पांच बजे भयंकर जाम शहर की सड़कों पर लग गया। अधिकतर परीक्षार्थी निजी वाहन लेकर आए हुए थे। जिस कारण जाम लगा। घंटाघर से लेकर बस स्टैंड तक के करीब छह किलोमीटर मार्ग पर जाम ही जाम नजर आ रहा था और वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे थे। एक घंटे से भी ज्यादा समय तक परीक्षार्थी जाम में फंसे रहे। हालांकि ट्रैफिक पुलिस के जवान, होम गार्ड के जवान व्यवस्था बनाने में दिनभर जुटे रहे और परीक्षा केंद्रों के आसपास परीक्षार्थियों को वाहन खड़े नहीं करने दिए।
जैमर से जाम हुआ मोबाइल
शहर में बने 22 परीक्षा केंद्रों में लगे जैमर ऑन होने के बाद अधिकतर शहर वासियों के मोबाइल भी जाम हो गए। दिनभर लोग नेटवर्क संबंधित समस्या से जूझते रहे। इसके अलावा नंबर किसी का मिलाया गया तो मिला कहीं और। दिनभर लोग मोबाइल संबंधित परेशानी से जूझते रहे।
आज 22 केंद्रों पर परीक्षा देंगे 11904 अभ्यर्थी
लेवल तीन के बाद अब लेवल एक और लेवल दो की परीक्षा लंबित है, जो कि रविवार को होगी। लेवल एक परीक्षा के लिए जिले में 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जिनके लिए 5101 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। लेवल दो के लिए 6803 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और इस परीक्षा के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए है।
परीक्षा से पहले परीक्षार्थी की आंखों की स्क्रीनिंग करते कर्मचारी। संवाद- फोटो : Bhiwani