भिवानी। गांव डांडमा के नजदीक स्थित एक निजी स्कूल के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मंगलवार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मामला मंगलवार सुबह छह बजे का है। बाढ़डा पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के चिड़ावा निवासी मंगलाराम ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसका भांजा 30 वर्षीय विनोद भी उनके साथ मजदूरी करता था। वे करीब 15 दिन पहले गांव द्वारका में मजदूरी के लिए आए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे उसका भांजा विनोद अपनी बाइक से डांडमा से द्वारका जा रहा था। डांडमा से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक निजी स्कूल के पास द्वारका की ओर से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने विनोद की बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर लगने से वह घायल हो गया। राहगीरों ने उसे फोन पर हादसे की जानकारी दी। परिजन उसे नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने मामले की सूचना बाढडा थाना पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलने पर बाढ़डा थाना पुलिस से जांच अधिकारी एचसी संजय कुमार नागरिक अस्पताल पहुंचे। जांच अधिकारी एचसी संजय कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया।