चांग (भिवानी)। भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर गांव चांग के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। हादसा तीन नवंबर की शाम सात बजे हुआ। हादसे की जानकारी सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस को दिए बयान में गांव चांग निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि तीन नवंबर की शाम करीब सात बजे खेत में काम कर 52 वर्षीय धर्मपाल के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। जब वे गांव चांग के राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पहुंचे तो एक अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठा धर्मपाल सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों की वजह से बेसुध हो गया। उसे भी हादसे में चोटें आईं। दोनों को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धर्मपाल को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया, वहीं शमशेर सिंह के बयान दर्ज कर इस संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।