भिवानी। हिसार-राजगढ़ रोड एनएच-52 पर सिवानी क्षेत्र के गांव मोतीपुरा के पास हुए सड़क हादसे में राजस्थान के जिला बीकानेर निवासी एक व्यापारी की मौत हो गई जबकि इनोवा कार में सवार चार-पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हिसार के अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
राजस्थान के जिला बीकानेर निवासी विनीत जैन (42) अपनी इनोवा कार से हिसार के धर्मस्थल पर धौक लगाने आए थे। वापसी में वह चार-पांच परिजनों के साथ कार से बीकानेर लौट रहे थे। सिवानी से राजगढ़ की ओर जाते समय उनकी कार की टक्कर मोतीपुरा गांव के पास गलत दिशा से आ रहे तेल के टैंकर से हो गई।
इस हादसे में कार में आगे बैठे विनीत की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार सभी घायलों को हिसार के अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके पर वाहन छोड़ कर भाग गया। थाना प्रभारी विक्रम सुहाग ने बताया कि भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कार चालक की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
कार की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर घायल
भिवानी। भिवानी-लोहारू मार्ग पर देवसर मोड़ के पर कार की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर घायल हो गया। जूईकलां पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव धिराना माजरा निवासी 31 वर्षीय वीरेंद्र ने बताया कि वह शहर की एक मिल में ऑपरेटर का काम करता है। वह आठ नवंबर को मिल में ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान देवसर मोड़ के पास सामने से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 की टीम ने उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जूईकलां पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।