तोशाम। भुरटाना माइनर ओवरफ्लो होने से पिछले करीब 20 दिन से तोशाम-सिवानी मार्ग पर करीबन 200 एकड़ में पानी भर गया। मार्ग पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सड़क मार्ग पानी के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण मार्ग पर घंटों तक जाम लगा रहता है। 20 दिन से सिवानी मार्ग पर बनी कई दुकानों के बेसमेंटों में भी पानी भर गया है।
दरअसल, पिछले करीब 20 दिन से रजवाहा ओवरफ्लो होने के कारण पानी करीब 200 एकड़ में भरा हुआ है। खेतों में बने मकान में भी पानी भरा हुआ है। सिवानी मार्ग पर स्थित शीतल ट्रेडिंग कंपनी के मालिक राजेश पिलानिया ने बताया कि उसके बेसमेंट में पिछले 20 दिनों से पानी भरा हुआ है। पानी निकालने के लिए मोटरें लगाई गईं फिर भी पानी पूरा नहीं निकल नहीं रहा है। पानी भरने के कारण उसने दुकान भी खाली कर दी है, वहीं सामान भी खराब हो गया है।
राजेश ने 17 सितंबर को सांसद धर्मबीर सिंह के सामने भी अपनी शिकायत रखी थी। जिसके बाद सिंचाई विभाग के एसडीओ ने पानी बंद करवा दिया था। भुरटाना माइनर एक जगह से टूट भी गया है। राजेश ने बताया कि 20 दिन से उसका काम ठप पड़ा है। मार्ग भी जलभराव के कारण टूट गया। जिसके कारण भारी वाहन धंस जाते हैं। वाहन धंसने के कारण जाम लगा रहता है। किसानों ने प्रशासन से पानी निकासी की मांग की है।