हरियाणा के भिवानी के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बड़ेसरा के समीप बुधवार शाम को जूई नहर में दो लोगों के डूबने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण नहर के पास पहुंचे। ग्रामीणों और गोताखोरों ने पानी में डूबे युवकों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद एक युवक का शव पानी से बरामद हुआ, जिसकी पहचान गांव बड़ेसरा के ही यशवंत (25) के रूप में हुई, जबकि दूसरे युवक सुंदर (38) की तलाश गोताखोर रात तक नहर में करते रहे।
गांव बड़ेसरा के समीप जूई कनाल में दो युवक नहर के समीप बैठे थे। दोनों का संतुलन बिगड़ा और वह नहर में पानी के तेज बहाव की वजह से डूब गए। इसकी जानकारी युवकों के परिजनों को मिली तो काफी संख्या में ग्रामीण नहर पर पहुंचे।
वहीं, पानी में डूबे दोनों युवकों को बाहर निकालने के लिए गोताखोर काफी देर तक पानी में तलाश करते रहे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यशवंत का शव नहर से बरामद हो गया, जबकि सुंदर की गोताखोर शाम तक पानी में तलाश करते रहे।
बवानीखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लिया और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची। पुलिस गुरुवार को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराएगी। बवानीखेड़ा पुलिस थाना एसएचओ श्रीभगवान यादव ने बताया कि फोन पर बड़ेसरा के समीप जूई नहर में दो युवकों के डूबने की सूचना मिली थी।
चचेरी बहन से राखी बंधवाने के बाद दोस्त सुंदर के साथ गया था नहर पर
मृतक यशवंत राजमिस्त्री था। वे पांच भाई और एक बहन है। यशवंत का एक भाई शादीशुदा है, जबकि यशवंत सहित अन्य भाई अभी अविवाहित हैं। परिजनों ने बताया कि यशवंत बुधवार दोपहर बाद अपनी चचेरी बहन से राखी बंधवाने के बाद दोस्त सुंदर के साथ नहर पर गया था। वहां काफी देर तक दोनों को बैठे ग्रामीणों ने देखा था। शाम करीब पांच बजे उनके डूबने की सूचना परिजनों के पास और डायल 112 पर पुलिस को दी गई थी।