भिवानी। पुलिस ने पिछले दो माह में मादक पदार्थ अधिनियम, जुआ अधिनियम, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 75 प्राथमिकी दर्ज कर 144 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 23 प्राथमिकी दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 672 ग्राम अफीम, 14.693 किलो डोडा पोस्त, 14.027 किलो गांजा और 468.128 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। सट्टा और जुआ खेलने वालों के खिलाफ 16 प्राथमिकी दर्ज कर 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 4,17,970 रुपये बरामद किए गए। इसके आलवा बिना लाइसेंस अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ 22 प्राथमिकी दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 1,374 बोतल देसी शराब, 36 बोतल अंग्रेजी शराब और 396 बोतल बीयर जब्त की। अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ 16 प्राथमिकी दर्ज कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों में 15 पिस्तौल, 1 बंदूक और 10 कारतूस शामिल हैं।
ॉ पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने सभी थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्ज और अपराध यूनिट इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब, नशा तस्करी और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रखें।