भिवानी में युवा कांग्रेस के विभिन्न पदों के लिए हुए मतदान में उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में तीखी नोक-झोंक हुई। हंगामे के चलते करीब 15 मिनट मतदान भी रोकना पड़ा। बवानीखेड़ा के करीब 552 और तोशाम के 346 युवाओं ने मतदान किया।
बुधवार को कमला भवन में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। प्रदेशाध्यक्ष के लिए सात और जिलाध्यक्ष के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में है। कमला भवन में बवानीखेड़ा और तोशाम के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदान करना था। बवानीखेड़ा के 1054 और तोशाम 651 मतदाता थे।
सुबह डीआरओ विष्णु गौतम की देखरेख में मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्र के बाहर युवाओं कांग्रेसियों और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की भीड़ थी। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही। एक-एक कर मतदान केंद्र के अंदर मतदाताओं को प्रवेश दिया गया। दोपहर करीब एक बजे फर्जी मतदान की सूचना पर हंगामा हुआ। जिस पर सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदान केंद्र में घुसे। जिस कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी। हंगामा हुआ और करीब 15 मिनट तक मतदान भी रोकना पड़ा। बाद में कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने मोर्चा संभाला और केवल उम्मीदवारों को ही मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश कर स्थिति का जायजा दिलवाया। उनके समर्थकों को बाहर कर दिया। उम्मीदवारों के समर्थकों में दिनभर प्रवेश को लेकर नोक-झोंक चलती रही। दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान हुआ। बवानीखेड़ा के 552 और तोशाम के 346 युवाओं ने मतदान किया। दोनों विधानसभा क्षेत्रों से करीब 47 फीसदी मतदान हुआ। डीआरओ विष्णु गौतम ने बताया कि जिला पदाधिकारियों का परिणाम दो दिसंबर को घोषित किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस के लिए 72 प्रतिशत हुआ मतदान
बहल में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत पांच पदों के लिए हुए लोहारू विधानसभा के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सुबह आठ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में 71.96 प्रतिशत वोट पड़े। मतदान प्रक्रिया में कुल 717 मतदाताओं में से 516 सक्रिय मतदाताओं ने भाग लिया।
बुधवार को मतदान में भाग लेने के लिए लोहारू विधानसभा क्षेत्र के बहल, लोहारू तथा सिवानी खंड से जुड़े मतदाताओं का कस्बे के श्याम भवन में सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय सुबह आठ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक चले मतदान में मतदाताओं ने यूवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष के लिए उतरे 7, प्रदेश महासचिव के लिए 33, जिलाध्यक्ष के लिए 5, जिला महासचिव के लिए 9 तथा विधानसभा अध्यक्ष के लिए 10 प्रत्याशियों में से अपने पसंद के प्रत्याशी के लिए मतदान किया। हालांकि एक एक मतदाता को पांच बैलेट पेपर मिलने से वे कुछ उलझते नजर आए पर चुनाव कर्मचारियों ने व्यवस्था को पूरे मतदान के दौरान सुचारू बनाए रखा।