भिवानी के चरखी दादरी में महेंद्रगढ़ रोड पर सर्विस स्टेशन के समीप बने वाटर टैंक में डूबने से प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई। शहर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शव को सिविल अस्पताल में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ रोड स्थित सर्विस स्टेशन के समीप वाटर टैंक में डूबने से उत्तरप्रदेश के एटा निवासी हरबीर सिंह की मौत हो गई। बताया जाता है कि हरबीर को उसके मामा ने यहां बुलाया था। हरबीर का मामा इस सर्विस स्टेशन के समीप चाय की दुकान चलाता है। पिछले कुछ रोज से हरबीर का मामा कही बाहर गया हुआ था ऐसे में हरबीर ही अकेला चाय की दुकान संभाल रहा था।
बुधवार देर शाम हरबीर वाटर टैंक में नहाने गया था। उसके कपड़े टैंक के समीप मिले हैं। सवेरे कुछ लोगों ने हरबीर का शव वाटर टैंक में देखा। घटना की सूचना शहर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन चरखी दादरी नहीं पहुंच सके थे। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।