भिवानी के बाढड़ा थाना क्षेत्र के गांव भांड़वा के पास रविवार सायं एक अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी ले जाया गया है।
हादसा रविवार सायं करीब छह बजे हुआ। भांड़वा गांव के पास भिवानी मार्ग पर एक पिकअप बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर कीकड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद राहगीरों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को निकाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचित किया। हादसे में गाड़ी सवार गोविंदपुरा वासी अनिल व सिंघानी वासी कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल गोविंदपुरा वासी राज व बाढड़ा वासी मनोज को उपचार के लिए दादरी अस्पताल में ले जाया गया। सूचना पर पहुंची बाढड़ा थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को एंबुलेंस के माध्यम से भिवानी सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां सोमवार सुबह शवों के पोस्टमार्टम होंगे।
मामले में बाढड़ा थाना प्रभारी एसआई जयपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। जिसमें दो युवकों की मौत हुई और दो घायल हुए। शवों का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।