शनिवार सायं से लापता युवक का शव रविवार सुबह बापोड़ा गांव के जलघर के टैंक में मिला। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
दिनोद गांव वासी करीब 18 वर्षीय युवक मनीष शनिवार देर सायं घर से निकला मगर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की। रविवार सुबह युवक का शव बापोड़ा गांव के जलघर के टैंक में मिला। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पानी में अधिक समय तक रहने के कारण युवक का शव फूल गया। चिकित्सक ने देखने शव को देखने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन सिविल सर्जन से मिले और यहीं पोस्टमार्टम कराये जाने की गुहार लगाई। जिसके बाद सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार के नेतृत्व में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मामले में सदर थाना से एएसआई वेद कुमार ने बताया कि मृतक के ताऊ रामफल के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।