हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अपने रिजल्ट फॉर्मूले में बदलाव किया है। अब दो विषयों में फेल होने वाले परीक्षार्थी को फेल माना जाएगा। एक विषय में फेल होने वाले विद्यार्थी का रिजल्ट रि-अपीयर (कंपार्टमेंट) माना जाएगा।
यह महत्वपूर्ण निर्णय मंगलवार को चंडीगढ़ में संपन्न हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में लिया गया। शिक्षा बोर्ड के उच्च पदस्थ एक अधिकारी ने बताया कि शिक्षा और परीक्षा के प्रति बच्चों में संजीदगी बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
नया रिजल्ट फॉर्मूला दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं में लागू होगा। यह संभवतया इसी शैक्षणिक सत्र से अमल में लाया जाएगा। फिलहाल दो विषयों में फेल होने वाले बच्चे को रि-अपीयर (कंपार्टमेंट) केस माना जाता है। नए फैसले के बाद दो विषय में फेल होने वाले विद्यार्थी का ओवरऑल रिजल्ट फेल घोषित होगा।
डीएड में सेमेस्टर सिस्टम खत्म, होगी सालाना परीक्षा
डीएड में शिक्षा बोर्ड ने सेमेस्टर सिस्टम को खत्म करने का निर्णय लिया है। अब डीएड के विद्यार्थी को साल में एक बार परीक्षा देनी होगी।
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. जगबीर सिंह ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से सेमेस्टर के बजाय डीएड की वार्षिक परीक्षा होंगी। इस बार डीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा देनी होगी। सेकेंड सेमेस्टर के विद्यार्थियों को सेमेस्टर सिस्टम के तहत ही परीक्षा देनी होगी। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में लिये गए अन्य फैसलों के बारे में जानकारी देने से यह कहते हुए असमर्थता जाहिर की कि मीटिंग के मिनट्स फाइनल होने के बाद ही आधिकारिक तौर कुछ कहा जा सकता है।