लोहानी गांव के पास देर रात हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों को किसी भारी वाहन ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की मौत दोनों गांवों में मातम का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। लेघा भानान वासी करीब 21 वर्षीय युवक अजीत किसी टेस्ट के लिए चंडीगढ़ गया था। वापसी में वह लेट हो गया। भिवानी आने के बाद अपने एक दोस्त की सहायता से लोहानी गांव में अपने दोस्त 22 वर्षीय मनीष के पास पहुंचा। मनीष की जिद पर वह रात को उसके पास ही रुक गया। परिजनों ने बताया कि रात को दोनों ने खाना पैक करवाया और खेत में सोने की बात कहकर घर से निकले। खेत में जाते समय एक निजी अस्पताल से थोड़ा पहले अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। मनीष के सिर से बड़े वाहन का टायर निकला तो अजीत की छाती से। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वहां से गुजर रहे एक गाड़ी चालक ने सड़क पर दोनों के शव देखे तो इसकी सूचना लोहानी बस अड्डे पर दी। जिसके बाद लोहानी बस स्टैंड से ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मनीष की पहचान की। अजीत की जेब से मिले आई कार्ड से उसकी पहचान की गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। मृतक अजीत के ताऊ धर्मपाल, मृतक मनीष के चचेरे भाई सोमबीर के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ सदर जय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
एक था इकलौता तो एक पर थी पूरे परिवार की जिम्मेवारी
दोनों युवकों की मौत से लोहानी और लेघा भानान में मातम का माहौल है। मृतक अजीत अपने माता-पिता का इकलौता लड़का था। उसकी बहनें है और पिता खेती-बाड़ी करता है। मृतक मनीष दो भाइयों में बड़ा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उस पर थी। वह खेती-बाड़ी करता था।