भिवानी में देर सायं बीड़ी गुप्ता पार्क के पास ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा देर सायं करीब सात बजे हुआ। शहर में ही एक वेल्डिंग की दुकान पर काम करने वाला युवक करीब 26 वर्षीय राकेश अपने एक साथी सुमराखेड़ा वासी दिलबाग के साथ अपने गांव पुर लौट रहा था। जब वे बीडी गुप्ता पार्क के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां युवक राकेश को मृत घोषित कर दिया गया। दिलबाग भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया है। मामले में अस्पताल चौकी से एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि ट्रक मौके से फरार हो गया है। सुबह परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।