भिवानी शहर की सरकार का चुनाव रविवार को होगा। एक लाख 21 हजार 487 मतदाता चुनावी मैदान में उतरे 216 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इस बार बनाए 100 मतदान केंद्रों में 77 संवेदनशील और अति संवेदनशील है। चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी ना हो इसके लिए 950 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई और शहर को 20 नाकों से सील किया गया है। मतदान के बाद सायं को ही मतगणना होगी।
निवर्तमान नगर पार्षदों का कार्यकाल जनवरी 2016 में समाप्त हो चुका है और पिछले सालभर से लोग नई सरकार चुनने के इंतजार में हैं। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने भी चुनाव के लिए सभी तैयारियां कर ली है। शनिवार को बूथों की जांच की गई वहीं पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनें व चुनाव सामग्री देकर रवाना किया गया। मतदान सुबह आठ बजे शुरू होगा और सायं पांच बजे तक चलेगा। मतदान के बाद मतगणना होगी और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में विजेता उम्मीदवारों का एलान किया जाएगा।
चुनाव आब्जर्वर सुनीता वर्मा व पुलिस आब्जर्वर सिबास कविराज की निगरानी में पुलिस पार्टियों व पोलिंग पार्टियों को उनके ड्यूटी स्थान मतदान केन्द्र की ओर भेजा गया। एसडीएम सतपाल सिंह ने कहा कि मतदाता की अच्छी तरह से पहचान करके ही उसे वोट डालने की अनुमति दी जाए। ईवीएम मशीन का प्रयोग करते समय स्पेशल टैग नहीं हटाया जाए। चुनाव में मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए 10 सेक्टर सुपरवाइजर और छह ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है।
इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय बिश्नोई, नरेश कुमार, डीएसपी चंद्रपाल, प्रवीण बजाज, विक्रांत, कार्यकारी अधिकारी हरदीप सिंह, एमई सुंदर सिंह श्योराण, गोरधन, शिव शंकर आदि मौजूद थे।
लाइसेंस, बैंक पासबुक से भी कर सकेंगे मतदान
किसी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज है और उसके पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह अपना ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, फोटोयुक्त कोई अन्य पहचान पत्र या दस्तावेज दिखाकर वोट डाल सकता है।
उम्मीदवारों के साथ परिजनों ने भी घर-घर जाकर मांगे वोट
मतदान से एक दिन पहले शनिवार को प्रचार चरम पर रहा। उम्मीदवारों के साथ उनके परिजन भी घर-घर जाकर वोट की अपील करने में जुटे थे। किसी उम्मीदवार की माता तो किसी की पत्नी, बच्चे, भाई-बहन व अन्य रिश्तेदार घर-घर जाकर वोट की अपील कर रहे थे। हर गली में इस तरह टोलियां बनाकर वोट की अपील की जा रही थी।
शहर सील, चार जिलों से 950 जवान तैनात चुनाव के लिए बनाये एक सौ मतदान केंद्रों में 50 संवेदनशील और 27 अति संवेदनशील है। ऐसे में भिवानी ही नहीं हिसार, जींद, फतेहाबाद से भी पुलिस फोर्स बुलाई गई है। पुलिस के करीब साढ़े नौ सौ जवानों के सुरक्षा पहरे में मतदान होगा। अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी लगाकर विशेष सुरक्षा की गई है। सुरक्षा के लिए छह डीएसपी, 10 इंस्पेक्टर, 16 पेट्रोलिंग पार्टी बनाई गई है। शहर को 20 नाकों से सील कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने देर सायं नाकों का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मचारियों को जांच बारे निर्देश दिए।
किस वार्ड में कितने मतदाता
वार्ड मतदाता
01 1569
02 2874
03 2452
04 4136
05 4340
06 3775
07 4325
08 5119
09 4109
10 1899
11 2056
12 2298
13 3091
14 3255
15 3652
16 3916
17 3669
18 3626
19 3386
20 3659
21 5069
22 4199
23 5107
24 5783
25 4982
26 5288
27 3998
28 5121
29 5300
30 5312
31 4122--