चरखी दादरी के बौंदकलां में कस्बे के मुख्य बाजार स्थित एक दुकान में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना में यहां रखा हजारों का सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना का पता दुकान मालिक को बृहस्पतिवार सुबह लगा। पीड़ित ने बौंदकलां थाने में मामले की शिकायत देकर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी बिजेंद्र सिंह मुख्य बाजार में अमन स्पोर्ट्स शॉप के नाम से दुकान चलाता है। बिजेंद्र ने बताया कि बुधवार को वह अच्छी प्रकार से दुकान बंद कर घर गया था। बृहस्पतिवार सुबह जब उसने दुकान का शटर उठाया तो वहां के हालात देखकर दंग रह गया। दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारण बिजली मीटर, इंवर्टर, बैट्री, पंखा, लाइटें, प्रेस और कपड़े जल कर स्वाह हो चुके थे। आग लगने के कारण दुकान में करीबन 70 हजार रुपये का नुकसान हो गया है। बिजेंद्र कुमार ने संभावना जताई है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।