भिवानी में बाइक पर स्टंट कर जान जोखिम में डाल रहे किशोरों व युवाओं को ट्रैफिक पुलिस ने सबक सीखाया। पुलिस ने स्टंट मारने वाले युवाओं को पकड़ उनके चालान किए। अधिकतर स्कूली बच्चे बाइकों से स्टंट मार रहे थे। जिनके अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी दी गई। पुलिस ने तीन दिन में करीब 25 युवाओं के चालान किए।
आईजी के निर्देश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने बाइक चलाने वाले किशोरों, स्कूली बच्चों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत न केवल स्कूलों के चालान किए जा रहे बल्कि उनके अभिभावकों को बुलाकर उन्हें चेतावनी दी जा रही है। पुलिस का फोकस स्टंट करने वाले किशोरों, युवाओं पर है। दरअसल ये हादसों का सबब बनते है। शहर के हुडा पार्क क्षेत्र, सेक्टर 13, भगत सिंह चौक के पास सायं के समय युवाओं की टोली एकत्रित होकर अपनी बाइकों से स्टंट करते है। स्टंट मारने के दौरान सड़कों पर रेस भी लगाते है। कुछ ने तो तेज आवाज वाले हॉर्न भी लगवा रखे है।
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज एसएचओ सुभाष के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर 13, हुडा पार्क के पास अभियान चलाकर स्टंट कर रहे युवकों को पकड़ा। पुलिस ने करीब 8-10 युवाओं के स्टंट करने के कारण चालान किए और कुछ किशोरों के लाइसेंस नहीं होने के बावजूद बाइक चलाने के कारण। कुछ मौके से भागने में कामयाब रहे।
बच्चों को 18 साल से पहले बाइक देना बिल्कुल गलत है। आईजी साहब के सख्त निर्देश है कि बच्चे बाइक चलाते मिले तो उनके अभिभावकों का चालान किया जाए। स्टंट मारने वालों व बाइक चलाने वाले बच्चों के खिलाफ अभियान शुरू किया है और इनके चालान किए जा रहे है।
सुभाष कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक थाना