चरखी दादरी के गांव मकड़ाना निवासी एक सैनिक ने बेटे की बीमारी से आहत होकर रविवार रात घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। सोमवार सुबह मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिक बलबीर सिंह ने बताया कि गांव मकड़ाना निवासी जितेंद्र 28 की सीमा सुरक्षा बल में नागालैंड तैनाती थी। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार रात उसने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक सैनिक के पिता बलवान सिंह ने बताया उसका डेढ़ वर्षीय पोता बीमारी से ग्रस्त है। उसका उपचार कई अस्पतालों में करवाया जा चुका है, मगर बीमारी ठीक नहीं हो पा रही है। इसी कारण उसका बेटा मानसिक रूप से परेशान था। बेटे की बीमारी से आहत होकर ही उसने यह कदम उठाया है। सदर थाना कार्यवाहक प्रभारी एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस सिविल अस्पताल पहुंच गई थी। सैनिक के जहरीले पदार्थ निगलने का कारण बेटे की बीमारी सामने आई है।