चरखी दादरी में मंगल मार्केट में दो सप्ताह पहले हुई स्वर्णकार सेवा परिसर के पूर्व प्रधान से लाखों की लूट मामले में पीड़ित ने सोमवार को दिल्ली में दम तोड़ दिया। पुलिस की सुस्त कार्रवाई से खफा होकर स्वर्णकार संघ ने मार्केट बंद कर अंबेडकर चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। इन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ लूटे गए माल की बरामदगी की भी मांग की। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी व सीआईए स्टाफ ने एक सप्ताह के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ माल की बरामदगी करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद परिजनों व स्वर्णकार चौक से शव उठाकर अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस दौरान करीब पौने घंटे तक यातायात व्यवस्था ठप रही।
चार अक्तूबर देर शाम पुराना बस स्टैंड स्थित संजय ज्वैलर्स शोरूम के मालिक और स्वर्णकार सेवा परिसर के पूर्व प्रधान रामबिलास से कार सवार बदमाशों ने हजारों की नकदी सहित करीब 24 लाख रुपये के गहने लूट लिए थे। घटना को ठीक उनके घर के सामने बेखौफ होकर लुटेरों ने अंजाम दिया। इस दौरान रामबिलास के साथ उनका पोता मानक भी था। रामबिलास के हाथ से बैग छीनने से पहले लुटेरों ने उनसे मारपीट भी की, जिसमें उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। परिजनों ने बताया कि इसके बाद घायल को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां उनका ऑपरेशन हुआ था और फिलहाल उनका उपचार चलने के कारण वो दिल्ली में ही रह रहे थे। सोमवार देर रात करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। देर रात मृतक के शव को दादरी लाया गया। मंगलवार सुबह स्वर्णकार संघ से जुड़े लोगों को मामले की भनक लगी तो वो धड़ाधड़ अपनी दुुकानें बंद कर उनके आवास पर पहुंच गए। यहां से शव को लेकर वो अंबेडकर चौक पर पहुंचे और चौक पर शव रखकर विरोध स्वरूप जाम लगा दिया।
आधे घंटे सड़क पर शव रखने पर पहुंचे डीएसपी
करीब साढ़े दस बजे स्वर्णकारों ने मृतक रामबिलास का शव अंबेडकर चौक पर रख दिया और सड़क पर बैठ गए। इसके बाद लगातार क्षेत्र में हो रही लूट की घटनाओं को लेकर पुलिस विभा व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद दादरी सीआईए थाना प्रभारी शमशेर सिंह उन्हें आश्वासन देने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें डीएसपी, एसपी या एसडीएम के मौके पर आकर आश्वासन देने की बात कही। करीब आधे घंटे बाद डीएसपी सुरेश हुड्डा मौके पर पहुंचे और उन्होंने उन्हें एक सप्ताह के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी व लूटे गए माल की बरामदगी का आश्वासन देकर शव सड़क से उठाने के लिए मनाया। डीएसपी ने बताया कि वारदात में शामिल कुछ के नाम पुलिस के पास आ चुके है। अब इन्हें गिरफ्तार कर वारदात ट्रेस आउट कर दी जाएगी।
पुलिस मामले की तह तक जा चुकी है। इसमें संलिप्त कुछ लोगों के नाम पुलिस के सामने आए हैं। जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर वारदात ट्रेस आउट कर दी जाएगी।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी