स्कूल के हेड मास्टर समेत चार सदस्यीय टीम ढाणी मालियान की प्राथमिक पाठशाला का औचक निरीक्षण करने पहुंची। स्कूल लगने के सवा घंटे बाद तक स्कूल के सभी पांचों शिक्षक नदारद मिले। इससे भी बढ़कर, हाजिरी रजिस्टर में दो शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज मिली। जबकि, दोनों जनाब स्कूल में थे ही नहीं। टीम ने इन शिक्षकों के लापरवाह रवैये की शिकायत अब डायरेक्टर, डीईईओ, बीईईओ को की गई है।
मामला शुक्रवार सुबह का है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाणी मालियान में करीब 120 बच्चे पढ़ने आते है। सुबह करीब आठ बजे डीडीओ, हेड मास्टर युद्धवीर सिंह अपनी टीम के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे। मगर यह देखकर हैरान रह गए कि कक्षाओं में बच्चे बैठे है मगर उन्हें पढ़ाने वाला कोई शिक्षक नहीं। हाजिरी रजिस्टर की जांच की तो दो शिक्षकों की हाजिरी लगी हुई जबकि स्कूल में कोई शिक्षक नहीं। यहां शिक्षकों के आने का इंतजार किया। 08:42 पर पहले शिक्षक की एंट्री हुई। नौ बजे तक निरीक्षण करने आई टीम ने शिक्षकों का इंतजार किया मगर तब तक एक ही शिक्षक पहुंच पाया। दूसरी अध्यापिका टीम के निकलने के बाद करीब 09:10 पर पहुंची। सवा नौ बजे के बाद ही बाकी तीन शिक्षक पहुंचे। निरीक्षण करने वाली टीम में हेड मास्टर युद्धवीर सिंह के अलावा मिडिल हेड गोवर्धन, मैथ मास्टर सुरेंद्र, साइंस शिक्षक जसवंत सिंह शामिल रहे।
सवाल : रजिस्टर में हाजिरी कब लगाई
जांच के लिए पहुंची टीम ने अपने स्तर पर जांच की तो हाजिरी में जिन दो शिक्षकों की हाजिरी मिली उन्होंने एक दिन पहले ही हाजिरी लगा दी और समय डाल दिया 07:40 और 07:43। स्कूल पहुंचे उक्त शिक्षकों ने बताया कि वे रजिस्टर में लगाई हाजिरी के समय पर ही स्कूल आए थे मगर किसी कार्य से उन्हें जाना पड़ा।
हर रोज ही लेट आते हैं शिक्षक
निरीक्षण करने पहुंची टीम ने बच्चों को छोड़ने स्कूल पहुंच रहे अभिभावकों से भी इस बारे में बातचीत की। बातचीत में बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके तीन पोते स्कूल में पढ़ते है। हर रोज साढ़े सात बजे बच्चे स्कूल पहुंच जाते है मगर शिक्षक कभी भी साढ़े आठ बजे से पहले नहीं आते। ऐसा ही अन्य अभिभावकों ने बताया।
पहले सस्पेंड हुआ था पूरा स्टाफ
करीब चार साल पहले भी इसी तरह स्कूल में निरीक्षण के दौरान पूरा स्टाफ अनुपस्थित पाया गया था। उस समय सभी शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि कुछ समय बाद शिक्षक बहाल हो गए थे। जिनमें कुछ तो फिलहाल भी यहां कार्यरत है।
डीडीओ अधिकारों के तहत प्राइमरी स्कूल ढाणी मालियान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कोई भी शिक्षक समय पर स्कूल नहीं मिला। दो शिक्षकों की रजिस्टर में हाजिरी लगी हुई थी मगर स्कूल में नहीं थे। इस प्राइमरी स्कूल के शिक्षकों की छुट्टियां खुद मंजूर करते हैं, मगर मुझसे किसी ने कोई छुट्टी नहीं ली। शिक्षकों की अनुपस्थिति की रिपोर्ट कार्रवाई के लिए निदेशक, डीईईओ, बीईईओ को की है।
युद्धवीर सिंह, हेड मास्टर, गवर्नमेंट हनुमान ढाणी स्कूल