अंतर राष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट की शादी समारोह में शिरकत कर बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान पूरी टीम के साथ दंगल फिल्म का प्रमोशन कर सकते है। गीता के गांव बलाली में आमिर खान की सुरक्षा व मैनजमेंट की तीन टीमें शुक्रवार शाम ही पहुंच चुकी है। पहली भारतीय आलंपियन पहलवान गीता के घर के साथ लगते उनके पिता के महाबीर अखाड़े में आमिर खान के कार्यक्रम की तैयारियों में सभी टीमें देर रात तक जुटी थी। रविवार को होने वाले आमिर खान के कार्यक्रम को लेकर आलीशान टैंट लगाया जा चुका है। हालांकि यहां पहुंची उनकी टीमें मीडिया से दूरी बनाए हुए थी।
सूत्रों की मानें तो आमिर खान रविवार दोपहर गांव बलाली पहुंचेंगे। उनके साथ फिल्म के निदेशक नितेश तिवारी, गीता का किरदार निभाने वाले फातिमा व गीता व बबीता के बचपन का किरदार निभाने वाले दो बच्चियां भी साथ होगी। दंगल की पूरी टीम पहले चार्टर प्लेन से भिवानी पहुंचेगी और फिर इसके बाद वाया रोड बलाली। करीब दो घंटे आमिर खान बलाली में रुकेंगे। इस दौरान वो मीडिया से भी रूबरू होंगे। कार्यक्रम में शिरकत करने के दौरान वो गुलाबी या लाल रंग की पगड़ी के साथ विशेष वेशभूषा धारण करेंगे। महाबीर अखाड़े में चल रही तैयारियों को देखकर फिल्म के प्रमोशन कार्यक्रम की भी पूरी-पूरी संभावना है। हालांकि आमिर खान के किसी टीम सदस्य या गीता के परिजनों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है मगर विवाह स्थल पर मौजूद फोगाट फैमिली के नजदीकी लोगों ने इस बात की संभावना जाहिर की है।