बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान रविवार को पहले भिवानी और फिर अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट की शादी में शरीक होने उनके गांव बलाली पहुंचेंगे। दिल्ली से भिवानी तक आमिर खान चार्टर प्लेन से और बलाली तक कड़े सुरक्षा घेरे में वाया रोड आएंगे। भिवानी करीब साढ़े 11 बजे उनका प्लेन लैंड करेगा और हिसार सांसद दुष्यंत चौटाला उन्हें रिसीव करेंगे। गीता व बबीता फोगाट सहित पिता व कोच महाबीर पहलवान के संघर्ष व सफलता पर आमिर खान द्वारा बनाई गई दंगल फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले कलाकार भी शादी समारोह में आमिर खान के साथ शिरकत करेंगे। आमिर खान की एक झलक पाने का क्षेत्रवासियों का सपना इस दौरान साकार हो सकता है। हालांकि उनकी सुरक्षा घेरा काफी मजबूत होगा और तमाम व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ आमिर की निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों के कंधों पर रहेगी।
देश को अंतर राष्ट्रीय स्तर की तीन महिला पहलवान देने वाली फोगाट फैमिली में बड़ी लाडो गीता फोगाट के ब्याह का पूरा चाव है। बीते कुछ दिनों से इस शादी के चर्च क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेशभर में भी चल रहे हैं। आमिर खान की उपस्थिति इस समारोह को और भी यादगार बना देगी। अगर वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दंगल फिल्म का प्रमोशन होता है तो स्वाभाविक ही प्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका होगा। आमिर खान की सुरक्षा व मैनजमेंट एजेंसियां रविवार के कार्यक्रम को लेकर पूरी प्लानिंग तैयार कर चुकी है। इन तैयारियों में सबसे अधिक आमिर खान का सुरक्षा घेरा रहेगा। जब तक आमिर गीता के घर पर मौजूद रहेंगे तब तक द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित महाबीर पहलवान उनके साथ ही रहेंगे।
दंगल टीम के लिए बनाई जाएगी स्पेशल पहलवानी खुराक
खान-पान के लिए देशभर में मशहूर हरियाणा की पहलवानी खुराक का स्वाद आमिर खान सहित पूरी दंगल टीम आज चखेगी। गीता के घर पर ही हलवा-खीर-चूरमा की डिश तैयार की जाएगी। इसके अलावा बाजरे की रोटी, मक्खन, सरसों का साग सहित अन्य देशी स्टाइल के पकवान भी बनाए जाएंगें। गीता ने बताया कि दंगल फिल्म की शूटिंग के दौरान जब उन्होंने आमिर खान को पहलवानी डिश के बारे में बताया था तो काफी प्रभावित हुए थे और इस डिश को चखने की इच्छा उन्होंने जाहिर की थी। इसके अलावा जब शादी को लेकर फोन पर उनसे बात हुई तब भी उन्होंने मजाक-मजाक में इसका जिक्र किया था।
मुंबई-दिल्ली सहित डेढ़ सौ से अधिक मीडियापर्सन के लिए किए हैं प्रबंध
रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मीडियापर्सन के लिए भी खास प्रबंध किए गए हैं। मुबई-दिल्ली सहित राष्ट्रीय मीडिया जगत से जुड़े करीब डेढ़ सौ लोगों के लिए आमिर की मैनजमेंट टीम ने प्रबंध किए हैं। इतने बड़े पैमाने पर मीडियापर्सन का एकत्रित होना संभवत: ही फिल्म की प्रमोशन की ओर इशारा कर रहा हैं। आमिर खान को प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे, इसमें मीडियापर्सन के अलावा किसी को भी एंट्री नहीं करने दी जाएगी।
80 सुरक्षाकर्मियों के घेरे में रहेंगे आमिर खान
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की एक झलक पाने को उत्सुक लोग अपने मंसूबे में सफल न भी हो। आमिर खान के चारों तरफ को करीब पचास निजी सुरक्षागार्डों सहित पुलिस के करीब तीस जवान तैनात रहेंगे। अगर इस दौरान कोई व्यवस्था बिगाड़ने या फिर उनके सुरक्षा घेरे में घुसने का प्रयास करेगा तो उसे मुसीबत झेलनी पड़ सकती है।
रविवार सुबह लिया जाएगा गीता का भात
सतनाली के गांव जैतपुर से गीता के दोनों मामा रविवार सुबह उनके गांव बलाली पहुंचेंगे। गीता की भात अदायगी की रस्म रविवार सुबह पूरी की जाएगी। इसी दौरान दिल्ली से गीता को ब्राइड लुक देने मैकअप टीम पहुंचेगी। बंगलूरू से तैयार होकर आया गीता की गुलाबी लहंगा-चोली तो वहीं उनके होने वाले जीवनसाथी पवन का इंडोवेस्टर्न पहनावा सबसे खास रहेगा। दोनों की वेडिंग ड्रेस को गीता ने ही अपनी फाइनल किया है।