अंतर राष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट रविवार रात कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता पवन के साथ परिणय सूत्र में बंध जाएंगी। शादी समारोह की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी है। शनिवार को पूरे रीति रिवाज के अनुसार परिजनों ने पवन के घर जाकर लग्न की रस्म अदा की। इधर, गीता के घर पर मेहंदी रखई सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हुए। गीता की शादी का जोड़ा बंगलूरू से पहले ही घर पहुंच चुका है जबकि उन्हें ब्राइड लुक देने रविवार सुबह दिल्ली से मेकअप टीम पहुंच जाएगी। गीता का भात लेने की रस्म भी रविवार को ही पूरी की जाएगी।
वैवाहिक बंधन में बंधने जा रही पहली भारतीय ओलंपियन महिला पहलवान गीता फोगाट शादी को लेकर काफी खुश नजर आ रही है। गांव बलाली स्थित उनके घर पर रिश्तेदारों के आने से पिछले दो दिनों से पूरी चहल-पहल नजर आ रही है। गीता की मेहंदी रचाई की रस्म शनिवार सुबह हुई। उत्सव वाटिका में वो पवन के साथ आज रात सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंध जाएगी। इस शादी की चर्चा क्षेत्र सहित प्रदेशभर में है। प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्री व सांसदों सहित कई प्रमुख सेलिब्रिटी कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। शादी समारोह के मुख्यातिथि बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को हिसार सांसद दुष्यंत चौटाला भिवानी चार्टर प्लेन से उतरने के बाद रिसीव करेंगे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच वो वाया रोड गांव बलाली पहुंचेंगे। अंतर राष्ट्रीय पहलवान सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, साक्षी मलिक सहित अन्य दिग्गज पहलवान भी शिरकत करेंगे।