भिवानी में मतदाता सूची फाइनल हुए बिना ही शहर की सरकार चुनने की तैयारी हो गई है। बुधवार को यहां मतदाता सूची की आपत्तियों की सुनवाई हो रही थी और उसी समय चंडीगढ़ में चुनाव का ऐलान हो रहा था। अगले महीने आठ जनवरी को होने वाले चुनाव में अनुमानित एक लाख 21 हजार मतदाता शहर की सरकार चुनेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही तैयारियां शुरू हो गई है और 31 वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार भी सक्रिय हो गए है।
नए साल में शहर वासियों को शहर के विकास के लिए नई सरकार मिलेगी। पिछले 11 महीनों से चल रहा नगर परिषद चुनाव का इंतजार खत्म होने को है। चुनाव की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू हो जाएगी। शहर की नई वार्डबंदी हुई है तो इस बार नए वार्ड के साथ लोग मतदान करेंगे। अधिकतर वार्डों का नंबर बदल गया है तो कॉलोनियां भी बदल गई है। अब लोग नई वार्डबंदी के साथ मतदान करेंगे। करीब एक लाख 21 हजार मतदाता 31 वार्डों के पार्षद पद के लिए मतदान करेंगे।
मतदाता सूची को लेकर असमंजस
चुनाव की घोषणा हो चुकी है मतदाता सूची अभी तक तय नहीं। जिला प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अगले तीन-चार दिन में इसे फाइनल कर दिया जाएगा मगर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों, मतदाता में मतदाता सूची को लेकर असमंजस की स्थिति है। मन में अनेक सवाल उठ रहे है। उम्मीदवार नगर परिषद अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों से फोन कर इस बारे में जानकारी ले रहे है। कब उन्हें मतदाता सूची मिलेगी। क्या-क्या त्रुटियां दूर की गई।
20 हजार मतदाताओं का नहीं हुआ समाधान
नई वार्डबंदी में दर्जनभर कॉलोनियों को शहर की सीमा से बाहर कर दिया गया। दो रोज पहले भी तीन-चार कॉलोनी के लोगों ने मतदान का अधिकार छीने जाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया था। अब भी इन मतदाताओं को मतदाता सूची से बाहर ही रखा गया है। अब लग रहा है कि इन मतदाताओं को मतदान का मौका नहीं मिलेगा। इनमें रोहतक रोड की फ्रेंड्स कॉलोनी, पीपली वाली जोहड़ी लाइन पार व पहले की कुछ कॉलोनियां, ढाणा रोड की एक कॉलोनी, देवनगर, सिटी स्टेशन लाइन पार की कॉलोनी शामिल है।
यह रहेगा चुनाव का शेड्यूल
21 से 27 दिसंबर नामांकन प्रक्रिया
28 दिसंबर त्रुटियां ठीक व नामांकन जांच
29 दिसंबर नाम वापसी का मौका
29 दिसंबर प्रत्याशियों को दिए जाएंगे चुनाव चिह्न
08 जनवरी मतदाता, शाम को मतगणना
एसडीएम की देखरेख में होगा चुनाव
अतिरिक्त उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने बताया कि नगरपरिषद् के चुनाव की प्रक्रिया 15 दिसंबर से आरंभ होगी। उन्होंने बताया कि इस चुनाव के लिए एसडीएम सतपाल सिंह को निर्वाचन अधिकारी तथा तहसीलदार संजय कुमार व नायब तहसीलदार नरेश कुमार को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी 31 वार्डों से उम्मीदवारों के नामांकन 21 से 27 दिसंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की अवधि में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। आठ जनवरी को सुबह आठ से सायं पांच बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाता ईवीएम मशीन से अपना वोट डाल सकेंगे। सायं पांच बजे बजे को मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतदान केंद्र में ही पीठासीन अधिकारी के मार्गदर्शन में मतों की गणना की जाएगी और उसके बाद चुनाव परिणाम घोषित कर किए जाएंगे।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो घबराएं नहीं
यदि किसी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में है और उसके पास मतदाता पहचान-पत्र नहीं है तो वह वैकल्पिक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, सरकारी विभाग, सार्वजनिक उपकरण व लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए पहचान-पत्र, फोटोयुक्त बैंक पास-बुक, फोटोयुक्त आर्म्स लाइसेंस, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन-बुक, संपत्ति दस्तावेज व मनरेगा के जॉब कार्ड दिखा कर मतदान कर सकता है।
वार्ड अनुसार संभावित मतदाता सूची
वार्ड अब
01 2469
02 2680
03 2024
04 4085
05 4275
06 3748
07 4004
08 5463
09 4193
10 2024
11 2218
12 2483
13 2492
14 3257
15 3724
16 3779
17 3714
18 3653
19 3358
20 2072
21 4558
22 4196
23 5311
24 5816
25 6035
26 5105
27 402 1
28 ् 4998
29 5308
30 5318
31 4526
नोट: 14 दिसंबर को मतदाता सूची के विवादों की सुनवाई के बाद इसमें बदलाव किया जा सकता है। साथ ही हाल में नए बने वोट भी जोड़े जा सकते है। मतदाता सूची अभी फाइनल नहीं की गई है।
तीन-चार दिन में सूची होगी फाइनल
मतदाता सूची की आपत्तियों पर आज सुनवाई हुई है। अगले तीन-चार दिन में मतदाता सूची को फाइनल कर दिया जाएगा। चुनाव से पहले नए वोटों को भी शामिल किया जाता है, ऐसे में ऐसा कोई नियम नहीं कि चुनाव की घोषणा से पहले ही मतदाता सूची फाइनल की जाए।
धीरेंद्र खडग़टा, एडीसी