सीवर लाइन डालने के बाद गली के मुख्य द्वार पर छोड़ी मिट्टी बागकोठी वासियों के लिए परेशानी बनी थी। गुस्साए जनस्वास्थ्य मंत्री के गली के लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली बीच में खड़ी कर मुख्य मार्ग को जाम किया तो जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के हाथ-पांव फूले। आखिरकार ठेकेदार के कारिंदो ने मिट्टी हटवाई। गली वासियों ने ठेकेदार को भी खरी-खरी सुनाई।
नेहरू रोड से टाइयान पान सरकारी स्कूल के पास कुछ महीने पहले सीवर लाइन के लिए खुदाई की गई थी। इसी दौरान पेयजल लाइन डैमेज हो गई और उसके लिए खुदाई की गई। खुदाई के बाद लाइन ठीक कर ठेकेदार के कारिंदे मिट्टी को गली के सामने ही छोड़कर चले गए। मिट्टी का ढेर बागकोठी की मुख्य गली के सामने लगा था। जिस कारण गली में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। महज दुपहिया वाहन ही निकल पा रहे थे। इस समस्या से परेशान गली वासियों ने शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे मुख्य सड़क के बीच ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर जाम लगा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक मिट्टी का उठान नहीं होता जाम जारी रहेगा। इसी मार्ग से स्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ को भी गुजरना था। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जब इसका पता चला तो तुरंत ठेकेदार को भेजकर मिट्टी उठवाई। ठेकेदार जब गली में पहुंचा तो लोगों ने उसे खरी-खरी सुनाई और कहा कि अब तक फोन कर रहे थे तो फोन भी नहीं उठा रहे थे और जाम लगाया तो सब आ गए। सुबह करीब सवा नौ बजे मिट्टी उठान का काम शुरू हुआ और लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली हटाई। जिसके बाद ही आवागमन बहाल हो पाया। आप नेता ललित अग्रवाल ने कहा कि गली वासी मिट्टी के इस ढेर के कारण खासे परेशान थे और बार-बार अधिकारियों, ठेकेदार से मिल चुके थे।