भिवानी के खानक गांव में सड़क क्रास कर रहे युवक की हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने खानक में तोशाम-हिसार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद, नौकरी देने, स्पीड ब्रेकर बनाने, खानक में दिन के समय बड़े वाहनों के चलने पर रोक लगाने की मांग की। उधर एसडीएम के समझाने के बावजूद मांगों को लेकर देर रात तक ग्रामीण मार्ग पर डटे रहे।
हादसा रविवार देर सायं करीब सवा सात बजे हुआ। खानक वासी मजदूर 35 वर्षीय शमशेर सड़क क्रास कर रहा था तो वहां से जा रही हाइड्रा मशीन की चपेट में आगया। हादसे में शमशेर की मौत हो गई। मजदूर की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने खानक में ही हिसार-तोशाम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करने, मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ दिन के समय खानक में अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए बड़े वाहनों पर दिन के समय रोक लगाने की मांग की। ग्रामीण रात साढ़े नौ बजे तक भी सड़क पर डटे हुए थे। भारी पुलिस फोर्स मौके पर थी। सूचना पर डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल बिश्रोई, डीएसपी सिवानी विजयपाल भी ग्रामीणों को समझाने पहुंचे। मगर ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।
दूल्हे और बाराती भी फंसे
तोशाम-हिसार मुख्य मार्ग होने के कारण अनेक वाहन जाम में फंसे थे। मैरिज सीजन होने के कारण जाम मेें दूल्हे भी फंसे थे और बाराती भी। सभी ग्रामीणों और पुलिस से उन्हें निकलने देने की गुहार लगा रहे थे।