भिवानी में डीसी के आदेश की अनदेखी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह को महंगी पड़ी। नतीजतन कार्यकारी अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। संस्पेंशन के साथ उन्हें जींद जिला मुख्यालय भी भेजा गया है, साथ ही हरदीप सिंह को भिवानी नगर परिषद का नया कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह को उपायुक्त के आदेश न मानना महंगा पड़ा। इसके अलावा उनके खिलाफ कार्य में कोताही और कुछ अन्य शिकायतें भी थीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन की ओर से इसकी रिपोर्ट शहरी निकाय निदेशालय भेजी गई। जिस पर कार्रवाई करते हुए शहरी निकाय निदेशालय अधिकारियों ने कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। सस्पेंशन के दौरान जींद मुख्यालय में रिपोर्ट करने के लिए भी कहा गया है। कार्यकारी अधिकारी के अलावा लंबे समय तक कार्यालय से गैर हाजिर रहने वाले लोहारू के एमई चमनलाल को भी सस्पेंड किया गया है।
हरदीप सिंह होंगे कार्यकारी अधिकारी
हरदीप सिंह को एक बार फिर भिवानी नगर परिषद का कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। पिछले वर्ष हरदीप सिंह भिवानी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी थे। बाद में उनका ट्रांसफर जींद हो गया था। कार्यकारी हरदीप सिंह ने बताया कि जल्द ही वे भिवानी में ज्वाइन करेंगे।