चरखी दादरी में खेतों में सिंचाई करने गए गांव पांडवान निवासी एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस को दिए बयान में भी परिजनों ने मौत का कारण करंट लगना बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव पांडवान निवासी सोमबीर शनिवार रात घर से खेतों में सिंचाई कार्य के लिए गया था। रविवार सुबह तक जब सोमबीर घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे तलाश करने खेतों में गए। वहां परिजनों को सोमबीर ट्रांसफार्मर के निकट अचेत अवस्था मेें पड़ा मिला। इसके तुरंत बाद परिजनों ने उसे संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल लेकर आए। सिविल अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई के बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया दिया है। मौत का कारण करंट लगना बताया जा रहा है।