कोरोना वायरस का संक्रमण अब गंभीर होता जा रहा है। शनिवार को कोरोना पॉजिटिव 13वें मरीज की मौत हो गई। कोंट रोड शांति नगर क्षेत्र के 46 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति ने एम्स बाढसा (झज्जर) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मरीज के परिजन तीन घंटे तक कागजों के फेर में अंतिम संस्कार का इंतजार करते रहे। जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह बात वायरल हुई। बाद में कागजी कार्रवाई पूरी की गई और नप कर्मचारियों ने अंतिम संस्कार किया। पिछले 15 दिन में पांच कोरोना पॉजिटिव अपनी जान गवां चुक है।
जिले में कोरोना वायरस अब जानलेवा बनता जा रहा है। मौत का नया मामला शांति नगर क्षेत्र से है। यहां से 46 वर्षीय व्यक्ति को 14 अगस्त को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जिसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव रही। पोर्टल से इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली। शनिवार को सूचना मिली कि एम्स बाढसा में उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई है। सूचना के बाद मृतक के शव को भिवानी लाया गया। जहां कागजी कार्रवाई के फेर में परिजन तीन घंटे तक अंतिम संस्कार का इंतजार करते रहे। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह मैसेज शेयर किया गया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और नप अधिकारी हरकत में आए और शव का अंतिम संस्कार कोविड-19 नियमों के अनुसार करवाया गया। पिछले 15 दिन में यह कोरोना पॉजिटिव की पांचवीं मौत है। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मृतक के घर भी पहुंची और संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए। मृतक फिलहाल घर पर ही था और उनकी ऑपरेशन टेबल बनाने की फैक्टरी है।
62 कोरोना पॉजिटिव आए सामने, आंकड़ा पहुंचा 1655
शनिवार को 62 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए, वहीं 38 ने कोरोना को मात भी दी। शनिवार को पॉजिटिव आए 62 मरीजों में 39 पॉजिटिव रैपिड किट से है। इनमें से 18 चिड़िमार गली, पांच वीरभान पाना, छह उत्तम नगर, दो पतराम गेट, हनुमान गेट, शिवनगर से एक-एक है। अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 1655 तक पहुंच गया है। जिनमें से 1276 ठीक हो चुके है। 800 नए सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे गए है।
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोग सावधानी रखे। जहां तक संभव हो अपने घर में रहे। खांसी-जुकाम, बुखार, गले में तकलीफ होने चिकित्सक से जांच करवाए।
- डॉॅ. जितेंद्र कादयान, सिविल सर्जन
कोरोना पॉजिटिव शांति नगर वासी एक व्यक्ति की एम्स बाढसा झज्जर में उपचार के दौरान मौत हुई है। 14 अगस्त को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने संबंधित सूचना पोटल से मिली थी। लोग सावधानी रखें और मास्क अवश्य लगाए। साबुन से बार-बार हाथ धोते रहे।
- डॉ. राजेश कुमार, जिला को-ऑर्डिनेटर कोविड-19
हमें कागज मिले, उसके तुरंत बाद ही नप कर्मचारियों को भेजकर अंतिम संस्कार करवा दिया गया था। सोशल मीडिया पर यह गलत सूचना थी कि नप कर्मचारियों के इंतजार में अंतिम संस्कार रुका है। हमें कागजात मिले, उसके तुरंत बाद कर्मी भेजकर अंतिम संस्कार कोविड-19 नियमानुसार करवा दिया गया था।
- सुंदर श्योराण, एक्सईएन, नगर परिषद