इस वर्ष 1100 गांव व शहरों में पौधे रोपित किए जा रहे हैं और अगले वर्ष 2200 गांवों में यह पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसे पायलट प्रोजेक्ट का नाम दिया गया है। इसके बाद पूरे हरियाणा में पौधरोपण कार्यक्रम का आगाज होगा। कार्यक्रम में जो किसान अपनी जमीन पर पौधे लगाने देगा, उसमें पौधे सरकार के होंगे, लेकिन उसके फल किसान के होंगे। यह बात वन एवं शिक्षामंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कही। उन्होंने जिले के गांव सांगा के अलावा महाराजा नीमपाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लठियावाला जोहड़ में पौधरोपण किया।
वन एवं शिक्षा मंत्री दोपहर बाद साढ़े तीन बजे भिवानी पहुंचे। सबसे पहले गांव सांगा गए। वहां पौधरोपण अभियान की शुरुआत करने के अलावा ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। देर शाम करीब सात बजे लठियावाला जोहड़ और फिर एमएनएस कॉलेज में पहुंचकर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की।
खेती से तंग होकर पकड़ी लीडरी
शिक्षामंत्री जब पौधरोपण कर रहे थे तो उन्होंने अच्छे से न केवल पौधा लगाया, बल्कि मिट्टी भी तरीके से डाली। यह देख वहां मौजूद एक समर्थक ने कहा कि आपने तो खेती की हुई है। इस पर शिक्षामंत्री ने कहा कि खेती से तंग होकर ही उन्होंने लीडरी पकड़ी है।
पीटीआई कर रहे केवल राजनीति, जीतेंगे बरोदा उपचुनाव
पत्रकारों से बातचीत में बर्खास्त पीटीआई के रोष प्रदर्शन पर शिक्षामंत्री ने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं। कोर्ट के आदेशों को मानना व मनाना सरकार का काम होता है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर उन्हीं लोगो के पेपर लिए गए थे, जिन्होंने उस समय फार्म भरा था। ऐसे में वे लगातार 10 वर्षों से शिक्षा से जुड़े हुए थे। उन लोगों ने भी पेपर दिया है, जो लोग उस समय चयनित नहीं हो पाए थे, लेकिन आज कोई न कोई अन्य कार्य कर रहे थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरोदा में बीजेपी ने पहले भी टक्कर दी थी। इस बार बरोदा उपचुनाव उनकी पार्टी जीतेगी। जीडीपी दर के गिरने पर मंत्री ने कहा कि यह घबराने की बात नहीं, सभी जगह गिर रही है, यहां की कोई अलग बात नहीं है, लेकिन हमारी हालत फिर भी ठीक है। शिक्षामंत्री से जब एक ऐसे पत्र के बारे में पूछे जाने पर कि शिक्षक गांव के शराबियों का डाटा एकत्रित करेंगे तो उन्होंने कहा कि ऐसे किसी पत्र के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
शिक्षा मंत्री ने गांव सांगा में किया ऑक्सीजन पार्क का शुभारंभ
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमें अपने लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी शुद्ध हवा व शुद्ध पानी देना होगा। इसके लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। उन्होंने गांव सांगा में ऑक्सीजन पार्क व पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में सात प्रतिशत जमीन पर जंगल है, जिसे आगामी तीन वर्ष में बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना है। इसके लिए विशेष योजना तैयार की है। वर्ष 2020-21 के लिए वन विभाग द्वारा प्रदेश में 1.25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पौधरोपण अभियान के तहत मानसून सत्र से प्रदेश के सभी 22 जिलों में 50-50 गांवों को चुना गया है, जहां पर मंदिर, गुरुद्वारों व खाली जमीन पर फलदार व छायादार पौधे लगाए जाएंगे।
विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम दास सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक बिशंभर वाल्मीकि ने भी अपने विचार रखे। प्रधान वन संरक्षक हरियाणा डॉ. अमरेंद्र कौर ने बताया कि इस साल पांच लाख पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रधान शंकर धूपड़, पूर्व नप चेयरमैन भवानी प्रताप का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। गांव की सरपंच संतोष बाला ने प्रधान वन संरक्षक हरियाणा डॉ. अमरेंद्र कौर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला मुख्य वन संरक्षक हिसार घनश्याम शुक्ला, उप वन संरक्षक भिवानी बी. निवेदिता भोजराज, वन राजिक अधिकारी प्रचार हिसार विपिन ग्रोवर, रेंज ऑफिसर कैलाश चंद्र, पारस डालमिया, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण, उमेद सिंह, पार्षद श्याम सुंदर, पूर्व सरपंच रमेश चंद्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद स्वामी, दिनेश, राजपाल, वन विभाग से वन खंड अधिकारी बजरंग राणा, प्रधान हंसराज, रणजीत सिंह, विकास, मंजीत आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष रखीं अपनी मांगें
गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश ने शिक्षा मंत्री से गांव के प्राइमरी स्कूल को अपग्रेड करने, स्कूल में एनसीसी व एनएसएस की यूनिट शुरू करने, आईटीआई या स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू करने, निगान से सांगा तक सड़क को 11 से 18 फुट तक चौड़ा करने, एक नया वाटर टैंक बनवाने, स्कूल में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण करवाने व साइंस लैब बनवाने, गांव में कोचिंग सेंटर शुरू करवाने, स्कूल में 10वीं व 12वीं कक्षा का परीक्षा सेंटर बनवाने व स्कूल के सभी रास्ते पक्के करवाने आदि मांगे रखीं, जिस पर मंत्री ने हर संभव पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री ने स्कूल प्रांगण में ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन किया और पौधरोपण भी किया।