रिजर्व बैंक की नई गाइडलाइन के बाद दी भिवानी सैंट्रल कोऑपरेटिव बैंक से जुड़े ग्राहकों को बड़ा झटका लगा है। बैंक ने मंगलवार को 500 और 1000 रुपये के नोट स्वीकार नहीं किए। हालांकि, नोट लेने की पाबंदी कितने दिन रहेगी, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। नोट जमा करवाने के लिए बड़ी संख्या में बैंक पहुंचे ग्राहक मायूसी होकर खाली हाथ लौट गए।
रिजर्व बैंक से आई ईमेल को जैसे ही जिले की ब्रांच में फारवर्ड किया गया, वैसे ही बैंक की शाखाओं ने पुराने करेंसी के नोट न लेने का फरमान सुना दिया। कुछ ने दूसरे बैंकों की ओर रुख किया, जबकि कुछ घरों को लौट गए। बैंक अधिकारी ग्राहकों को नोट न लेने के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बता पाए। वे सिर्फ इतना ही बता पाए कि रिजर्व बैंक की गाइडलाइन आई है तथा उसी को आधार बनाकर बैंक की शाखाओं में ईमेल भेजी गई है।
बैंक के महाप्रबंधक राजेन्द्र ने बताया कि रिजर्व बैंक की आगामी आदेश तक 500 वे 1000 रुपये के नोट न लेने बारे गाइडलाइन आई है जो बैंक की शाखाओं को फारवर्ड की गई है। जिले भर में बैंक की 40 शाखाएं है।