मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सोमवार को तोशाम में होने वाली रैली में करीब 20 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे वहीं तोशाम क्षेत्र पर तोहफों की बरसात करेंगे। कैरू को महिला कॉलेज की सौगात मिल सकती है तो 10 गांवों में खेल स्टेडियम, व्यायामशालाएं बनाने पर भी मंजूरी की मोहर लग सकती है। इसके अलावा तोशाम क्षेत्र की सड़कों मरम्मत, चौड़ा करने के लिए भी करोड़ों का बजट मिलने की आस है।
तोशाम की अनाज मंडी में होने वाली भाजपा की रैली की तैयारियां जोरों पर है। पहली बार तोशाम में आ रहे मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी आस है। लोगों की उम्मीद है कि रैली में क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात मिलेगी। रैली के लिए सांसद धर्मबीर सिंह गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाए हुए है। तोशाम रैली कई मायनों में खास रहेगी। रैली में खानक में खनन कार्य को हरी झंडी मिलने की आस है। शनिवार को ही एचएसआईडीसी के एमडी सुधीर राजपाल ने खानक पहाड़ियों का निरीक्षण किया था और वहां कांटे लगवाने के लिए खुदाई भी करवाई। इसके अलावा कैरू क्षेत्र के आसपास के क्षेत्र में करीब 30 किलोमीटर तक कोई कॉलेज नहीं है। जिस कारण छात्राओं को कॉलेज की पढ़ाई में समस्या आती है। मुख्यमंत्री के समक्ष यहां कॉलेज की मांग रखी जाएगी।
ये है रैली से आस
* कैरू में महिला कॉलेज की घोषणा
* तोशाम क्षेत्र के सभी मार्गों को भी दुरुस्त करने, चौड़ा करने का प्रपोजल बनाया गया है, जो रैली में मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
* कुछ सीएचसी,पीएचसी के जीर्णोद्धार का प्रपोजल है
* करीब दर्जनभर गांवों में खेल स्टेडियम व व्यायामशालाएं बनाने का प्रपोजल
* कुछ गांवों के सेकेंडरी स्कूल को सीनियर सेकेंडरी अपग्रेड करने की आस
* गांवों के जलघरों की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त टैंक बनवाने के प्रस्ताव को मंजूरी की आस
* बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई लाइन बिछाने के प्रपोजल को मंजूरी
550 जवान संभालेंगे सुरक्षा का मोर्चा, तोशाम बनेगा छावनी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस भी अलर्ट है। किसी तरह की अप्रिय घटना रोकने, रैली में भीड़ को काबू करने के लिए करीब 550 पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। यानी तोशाम क्षेत्र पुलिस छावनी बना नजर आएगा।
इनका होगा उद्घाटन और शिलान्यास
* करीब चार करोड़ 53 लाख 61 हजार से बने तोशाम के बस स्टैंड का शुभारंभ
* बवानीखेड़ा में 11 करोड़ 16 लाख 12 हजार की लागत से बने राजकीय महिला कॉलेज का उद्घाटन
* चरखी दादरी में भागवी-लोहरवाड़ा लिंक मार्ग का शुभारंभ होगा। इसके निर्माण पर एक करोड़ 46 लाख 92 हजार कीलागत आई है। आएगा खर्च
* लीलस में गुरेरा रोड लिंक मार्ग की आधारशिला रखी जाएगी। इसके निर्माण पर करीब दो करोड़, 24 लाख नौ हजार की लागत आएगी।