प्रदेश स्वर्ण जयंती उत्सव के अंतर्गत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की राशन वितरण प्रणाली भी ऑनलाइन हो गई है। अब किसी भी डिपो पर मैनुअल नहीं बल्कि प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से लाभार्थी उपभोक्ताओं को राशन का वितरित किया जाएगा। जिले के सभी 626 डिपो पर करीबन आठ लाख उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर राशन वितरण का लाभ मिलेगा।
मंगलवार को विभाग कार्यालय में डीएफएससी डॉ. अनिता खरब ने 30 डिपो धारकों को प्वाइंट ऑफ सेल मशीन वितरित की। डिपो धारकों को हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई भी डिपो धारक नवंबर माह का राशन मैनुअल रूप से वितरित करेगा तो उसके स्टॉक का राशन विभाग के खाते में नहीं गिना जाएगा। पेनल्टी के तौर पर इस राशन की भरपाई भी खुद डिपो धारक को करनी होगी। इसके अलावा विभागीय कार्यवाही से भी गुजरना होगा।
चंडीगढ़ टीम सदस्य रिंकुल त्यागी ने बताया कि ऑन लाइन सिस्टम में उपभोक्ता का आधार और मोबाइल फोन लिंक किए है। मशीन के जरिए उपभोक्ता को अंगुठे का निशान देने के बाद ही राशन वितरित किया जाएगा। उपभोक्ता को राशन डिलीवरी देने के बाद खरीद राशन की रसीद व मोबाइल फोन पर राशन डिलीवरी का मेसेज आएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह के अंदर सभी डिपुओं पर पीओएस मशीनें भेज दी जाएगी। मशीनों के संचालन संबंधी सभी दिशा-निर्देश एवं प्रशिक्षण डिपो होल्डरों को दिया जा चुका हैं। अगर इसके बाद भी कोई तकनीकी दिक्कतें डिपो होल्डरों के सामने आती हैं तो हेल्पलाइन नंबर 9813995995 पर संपर्क कर सकते है। उनकी परेशानियों का तुरंत समाधान किया जाएगा।