14 फोटो जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान बंदियों की समस्याएं सुनते हरियाणा कारागार महानिदेशक मो?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हरियाणा कारागार महानिदेशक मोहम्मद अकील ने रविवार को भिवानी जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत व जेल अधीक्षक सत्यपाल कासनिया ने स्वागत किया। जेल स्टाफ अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक र्हुई जिसमें जेल सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जेल की जमीन पर भिवानी समेत 11 जगहों पर पेट्रोल पंप खोलने का प्रस्ताव है।
निरीक्षण के दौरान कैदी बंदियों द्वारा पैरोल व समयपूर्व रिहाई संबंधी प्रार्थना की गई, जिसमें महानिदेशक ने बताया कि अब पैरोल नियम काफी आसान कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बंदी लगातार 70 दिन की पैरोल एक साथ व्यतीत कर सकता है व पुलिस वेरिफिकेशन वर्ष में एक बार होगी। 70 वर्ष की आयु से अधिक पुरुष बंदी व महिला बंदियों को जल्द रिहा करने बारे सरकार को सिफारिश की जाएगी। मुलाकात के समय की अवधि को बढ़ाकर 20 मिनट कर दिया है। इसी दौरान पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन एससी सतीश कुमार व एसडीओ विकास को मौके पर पुरानी जेल को रिपेयर करने बारे में आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव पर जेल में बंद कैदियों के कुछ श्रेणियों को विशेष माफी देने का फैसला किया है। कैदियों की रिहाई का काम 3 चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में आजादी की 75वीं वर्षगांठ 15 अगस्त पर कुछ कैदियों को रिहा किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस के मौके पर कुछ कैदी रिहा होंगे। सरकार की इस योजना का मकसद अच्छे आचरण के कैदियों को प्रोत्साहन देना है, हालांकि सरकार का यह फैसला उन कैदियों पर लागू नहीं होगा जो जघन्य मामलों में सजा काट रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिला जेल में सुरक्षा को ओर दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक व जेल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि साथ ही दूसरी जेल बनकर जल्द ही तैयार हो रही है। इस जेल को अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कैदियों की मानसिकता में बदलाव लाने के लिए सरकार नई पहल शुरू कर रही है। इसके तहत जेलों की जमीन पर 11 जगहों पर पेट्रोल पंप खोलने का प्रस्ताव है। जिसमें दो अंबाला में और एक-एक यमुनानगर, करनाल, झज्जर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, भिवानी, जींद और हिसार शामिल हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, जेल अधीक्षक, सत्यपाल कासनिया, उप-अधीक्षक राय साहब, उप-अधीक्षक नरेश बूरा मौजूद थे।