अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता व बतीता और उनके पिता महावीर पहलवान के संघर्ष पर बन रही दंगल फिल्म के रिलीज होने से पहले अभिनेता आमिर जिले के गांव बलाली में आएंगे। आमिर खान ने महावीर पहलवान को नवंबर महीने में गांव आने का वादा किया है।
रविवार को महावीर पहलवान, उनकी पत्नी व कुछ परिजन लुधियाना (पंजाब) में आमिर खान से मिले। बता दें कि लुधियाना में इन दिनों दंगल फिल्म की शूटिंग चल रही है। महावीर पहलवान ने बताया कि आमिर खान ने उनके साथ लंच किया और घंटेभर उनके बात की। आमिर ने गीता व परिवार के कुशलक्षेम के बारे में पूछा और बबीता व विनेस को ओलंपिक में मेडल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि आमिर खान ने उन्हें कहा है कि वे नवंबर महीने में उनके पैतृक गांव बलाली में आएंगे। कार्यक्रम की तारीख अभी फाइनल नहीं हुई है। पहलवान ने बताया कि दंगल फिल्म 13 दिसंबर को रिलीज होगी। महावीर पहलवान के साथ उनकी पत्नी दया कौर व कुछ परिवार के लोगों ने स्टार फिल्म अभिनेता से मुलाकात की।