भिवानी के चरखी दादरी में फौगाट खाप के उपप्रधान पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न खापों व समितियों सहित गांवों के प्रमुख लोग एकजुट हो गए है। वहीं, गिरफ्तारी न होने व पुलिस जांच से क्षुब्ध परिजन भी पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई में बरती जा रही ढिलाई सहित विभिन्न अनियमितताओं से अवगत करवा चुके है। परिजनों का कहना है कि एसपी ने जरूरत पड़ने पर दादरी डीएसपी की बजाय दूसरे अधिकारी को केस सौंपने तक का आश्वासन उन्हें दिया है। जाट आरक्षण संघर्ष समिति व फौगाट खाप का मंगलवार सांय तक अल्टीमेटम खत्म हो चुका है। फौगाट खाप ने भी बुधवार को दादरी बंद की चेतावनी भी दी है। 27 अगस्त की रात खाप उपप्रधान बोबी फौगाट पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर 1.20 रुपये की नकदी छीन ली थी। तब से लेकर आरोपी फरार चले आ रहे है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर झज्जर घाटी में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें फौगाट खाप व 19 गांवों के प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में खाप फौगाट के उप-प्रधान बोबी फौगाट पर हमले की कड़ी निंदा की गई और दोषियों के खिलाफ पुलिस- प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर गहरा रोष प्रकट किया गया। बैठक में प्रस्ताव पारित किया कि अगर प्रशासन ने मंगलवार सांय तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो बुधवार से फौगाट खाप, पंचायतों के प्रतिनिधि व आमजन सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस मौके पर शमशेर सिंह, महेंद्र, तारीफ, अशोक, भूपेंद्र, आजाद सरपंच, भल्ले सिंह, महेंद्र, सुरेश, राम सिंह बलकरा, महेंद्र, प्रदीप आदि उपस्थित थे।
पैदल मार्च कर पहुंचे एसडीएम कार्यालय
बैठक के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग पैदल मार्च करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुुंचे तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। एसडीएम विजेंद्र सिंह ने उसी समय डीएसपी से फोन पर बात कर इस मामले में उचित कदम उठाने को कहा। बाद में यह लोग शहर पुलिस थाने में डीएसपी से भी मिले तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने पर फौगाट खाप के लोग एसपी से मिलेंगे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो खाप की मीटिंग में ही कोई अगला निर्णय लिया जाएगा।
बलवंत सिंह, सचिव फौगाट खाप
फौगाट खाप को भी निर्णय लेगी जाट आरक्षण संघर्ष समिति उसी फैसले के अनुरूप खाप का समर्थन करेगी।
राजकुमार हड़ोदी, जाट आरक्षण संघर्ष समिति अध्यक्ष
पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी दादरी