भिवानी। कोरोना संक्रमण की वजह से पांच माह बाद नगर परिषद सदन की बैठक 10 अगस्त को सुबह 11 बजे होगी। बैठक में इस बार शहर के विकास के मुद्दे गूंजेंगे। इसके लिए पार्षदों की तरफ से भी कई प्रस्ताव रखे जाएंगे। बैठक में करीब 20 करोड़ के विकास कार्यों पर चर्चा होगी।
विकास कार्यों में शहर के अंदर करीब 60 गलियों के निर्माण का एजेंडा भी शामिल होगा। इतना ही नहीं शहर के अंदर कूड़ा उठान के लिए 15 नए टीपर ऑटो खरीद किए जाएंगे, जिसका खाका भी बैठक में तैयार होगा। शहर के अंदर सोलर स्ट्रीट लाइटें की खरीद पर विचार विमर्श किया जाएगा। मच्छरों से बचाव के लिए वार्ड स्तर पर फॉगिंग कराने का मास्टर प्लान भी तैयार किया जाएगा।
कोरोना की दूसरी लहर की वजह से शहर के विकास रुक गए थे। नप की कई बैठकों में शहर के विकास के मुद्दों पर पार्षदों की चर्चा हुई और मसौदे भी तैयार किए गए, मगर कोविड के चलते मुख्यालय से बजट जारी नहीं हो पाया। हाल ही में नगर परिषद ने गली निर्माण को लेकर बजट जारी किया था। जिसके बाद काफी जगहों पर नई गलियों का निर्माण चल रहा है। इसके बावजूद अब भी शहरी वार्डों में करीब 60 नई गलियों के निर्माण के एजेंडे पार्षदों की तरफ से नप अधिकारियों को सौंपे गए हैं, जिन पर सदन की बैठक में मंथन किया जाएगा। भिवानी शहर में साफ-सफाई के लिए करीब 15 टीपर ऑटो हैं, लेकिन इन ऑटो से सभी 31 वार्डों में कूड़ा उठान संभव नहीं हो पा रहा है। रोजाना ही शहर से करीब ढाई टन सूखा और गीला कचरा निकल रहा है। इसे डंपिंग प्वाइंट तक पहुंचाने के लिए टीपर ऑटो इस्तेमाल हो रहे हैं। इसीलिए नगर परिषद 15 नए टीपर ऑटो की खरीद भी करने जा रहा है।
इन मुद्दों पर होगी नप सदन की बैठक में चर्चा
-सेक्टर 13 के ग्रीन बेल्ट के सुंदरीकरण।
-कोरोना से सफाई कर्मचारियों की मौत पर 20 लाख रुपये वित्तीय सहायता।
-शहर में डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रबंधञ
-कोरोना महामारी से बचाव के लिए सैनिटाइजर, हाईपोक्लोराइड व मास्क खरीद।
-शहर में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाना।
-मुख्य सड़कों के निर्माण के एजेंडे।
-15 नए टीपर ऑटो की खरीद।
एजेंडे पास होने के बाद मुख्यालय भेजेंगे
नगर परिषद सदन की बैठक 10 अगस्त को होगी। बैठक में विधायक, डीएमसी सहित सभी पार्षदों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में पार्षदों द्वारा रखे गए एजेंडों पर विचार विमर्श होगा, इसके बाद शहर के विकास के लिए चर्चा की जाएगी। बैठक में एजेंडों को पास कर बजट मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा, ताकि समय पर काम हो सकें।
-रणसिंह यादव, चेयरमैन, नगर परिषद भिवानी।