भिवानी। त्योहारी सीजन शुरू होने के कारण यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भिवानी-जयपुर मार्ग पर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09733 जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 31 अक्तूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन जयपुर से सुबह 7:00 बजे रवाना होकर दोपहर 14:20 बजे भिवानी पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09734 भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 31 अक्तूबर तक भिवानी से 16:05 बजे रवाना होकर रात 23:25 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का मार्ग ढेहर का बालाजी, नींदर बैनाड, चौमू सामोद, गोविन्दगढ़ मलिकपुर, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवड़ा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, कोसली, झाडली और चरखी दादरी स्टेशनों से होकर जाएगा।
यह स्पेशल ट्रेन 9 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 डिब्बों में संचालित होगी। रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन चलाने से यात्रियों को सफर में सुविधा मिलेगी और त्योहारी सीजन में भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा।