भिवानी। जींद-भिवानी मुख्य मार्ग पर गांव तिगड़ाना के पास एक प्लॉट में मिट्टी की भराई करते समय भूमि मालिक ने सड़क किनारे वन विभाग द्वारा बनाई गई ग्रीन बेल्ट को नुकसान पहुंचा दिया। इस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए भूमि मालिक पर 22 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया।
वन विभाग ने जिले को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे और खाली पड़ी सरकारी जमीनों पर पौधे लगाकर ग्रीन बेल्ट तैयार की हुई है। लेकिन तिगड़ाना मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित प्लॉट में मिट्टी भराई के दौरान भूमि मालिक ने विभाग द्वारा तैयार की गई इस ग्रीन बेल्ट को नष्ट कर दिया। इसमें अलग-अलग प्रजातियों के करीब 35 पौधे क्षतिग्रस्त हो गए।
इस पर वन विभाग ने संबंधित भूमि मालिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हरियाली को नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों से बचें और पौधों की देखभाल में सहयोग करें ताकि जिले की हरियाली बनी रहे। वन रेंज अधिकारी दीपक यादव ने बताया कि तिगड़ाना मोड़ के पास वन विभाग की ग्रीन बेल्ट में लगे 35 पौधों को नष्ट करने के मामले में भूमि मालिक पर 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।