बवानीखेड़ा। कस्बा बवानीखेड़ा में लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। कस्बे में दो करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से सिटी पार्क का निर्माण किया जाएगा। पार्क का निर्माण भिवानी-हांसी रोड पर महर्षि वाल्मीकि स्टेडियम से सटी करीब चार एकड़ भूमि में कराया जाएगा।
नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि कस्बे में अब तक लोगों के सैर-सपाटे के लिए कोई पार्क नहीं था लेकिन इस परियोजना के पूरा होने से यह कमी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले, ओपन जिम, हरियाली से भरपूर वॉकिंग ट्रैक और आकर्षक बैठने की व्यवस्था की जाएगी। पार्क में सुबह-शाम सैर और योगाभ्यास करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सचिव ने बताया कि पार्क के शिलान्यास के लिए जल्द ही विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि और नगरपालिका प्रधान सुंदर अत्री से समय लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि सिटी पार्क का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। पार्क के बनने से कस्बे की सुंदरता बढ़ेगी, बच्चों को खेलने की जगह मिलेगी और बुजुर्गों के लिए सैर व ताजगी का नया ठिकाना तैयार होगा।