भिवानी/बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए 100 बेड का नया अस्पताल भवन बनाया जाएगा। चिकित्सकों के लिए एक एकड़ में आधुनिक सुविधाओं युक्त रिहायशी भवन बनाए जाएंगे। बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मुलाकात के बाद यह बात कही।
संवाद न्यूज एजेंसी ने 28 मई से बवानीखेड़ा मांगे हक अभियान के तहत अस्पताल की समस्याओं को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किया था। अभियान को नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों और कस्बे के लोगों का जबर्दस्त समर्थन मिला था। विधायक कपूर वाल्मीकि ने भी अभियान की सराहना की थी और स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर समस्याओं के समाधान करवाने का भरोसा दिलाया था। मंगलवार को विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मुलाकात कर अस्पताल की समस्याओं के बारे में उनको अवगत करवाया। मुलाकात के बाद विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सैनी व स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बवानीखेड़ा के सामान्य अस्पताल को 50 बेड से 100 बेड का किया जाएगा। अस्पताल का नया भवन बनाया जाएगा। अस्पताल में सभी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चिकित्सकों के लिए एक एकड़ में रिहायशी भवन बनाए जाएंगे। इसके बाद मरीजों व तीमारदारों के साथ ही चिकित्सकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना हलकावासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इस परियोजना से बवानीखेड़ा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
सामान्य अस्पताल की इन मुख्य समस्याओं से विधायक ने मंत्री को कराया अवगत
- 46 साल पुराना अस्पताल भवन हो चुका जर्जर
-चिकित्सा विशेषज्ञों के सभी सात पद खाली
-सीनियर मेडिकल ऑफिसर के दो में से एक पद खाली
-दवा देने के लिए फार्मासिस्ट के तीन में से दो पद खाली
-एक्सरे जांच के लिए रेडियोग्राफर का दो में से एक पद खाली
-सामान्य दवाओं की कमी
-बदहाल शौचालय
-जर्जर आपातकालीन विभाग
-एंबुलेंस सुविधा की कमी
-वार्डों में गर्मी व मच्छरों से बचाव का नहीं है प्रबंध
बवानीखेड़ा अस्पताल भवन को नया बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की है। अस्पताल को 50 से 100 बेड का किया जाएगा। वहीं चिकित्सकों के लिए एक एकड़ में रिहायशी भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री नायब सैनी व स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का आभार व्यक्त करता हूं।
कपूर सिंह वाल्मिकी विधायक बवानीखेड़ा।
कैबिनेट मंत्री आरती राव के साथ विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि।