104 फोटो चोरी की वारदात के बाद बाइक पर सवार होकर फरार होते आरोपी।
- फोटो : Bhiwani
तोशाम की केनरा बैंक की शाखा से दिनदहाड़े तीन बदमाश हवाई फायर करते हुए 3.91 लाख रुपये लूट ले गए। लूट के बाद बाइक से ही बागनवाला की ओर भाग निकले। सूचना पर एसपी गंगाराम पूनिया, एसीपी वरुण सिंगला, सीआईए और तोशाम पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वहां मिले खोल के आधार पर पुलिस बता रही है कि आवाज करने वाली खिलौना पिस्तौल से वारदात को अंजाम दिया गया।
मामला वीरवार दोपहर करीब पौने तीन बजे का है। देवराज कॉम्पलेक्स में खुशी केनरा बैंक की शाखा में दो नकाबपोश युवक घुसे। उस समय वहां चार बैंक कर्मचारी और करीब छह-सात उपभोक्ता थे। बदमाशों ने बैंक में प्रवेश करते ही हवाई फायर किया। दोनों में से एक पिस्तौल लिये हुए थे और दूसरा चाकू। पिस्तौल दिखा सभी उपभोक्ताओं और बैंक कर्मचारियों को एक साइड किया। इसी दौरान पिस्तौल लिया हुआ बदमाश बैग लेकर कैश काउंटर के कर्मचारी के पास पहुंचा और उसकी दराज से सारी नकदी निकाल बैग में डाली। दूसरा युवक चाकू दिखाकर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को डराता रहा। इस दौरान पिस्तौल लिये युवक ने तीन हवाई फायर भी किये। नकदी लेने के बाद दोनों बैंक से निकले और सड़क किनारे बाइक को स्टार्ट किये तीसरे बदमाश के साथ बागनवाला गांव की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े डकैती की सूचना पर पुलिस भी दौड़ी। एसीपी वरुण सिंगला, एसएचओ दलबीर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी गंगाराम पूनिया, सीआईए टीम भी मौके पर पहुंची और फुटेज देख जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से मिले खोल देख और फुटेज देखी तो पाया कि वारदात में आवाज करने वाली खिलौना पिस्तौल का प्रयोग किया गया है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। साथ ही बाजार व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला।
बदमाशों का फोटो हुआ वायरल : वारदात के बाद बैंक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। रोड से भागते हुए तीनों बदमाशों की फोटो भी वायरल हो गई। पुलिस भी फोटो के सहारे आरोपियों की पहचान में जुटी है।
केनरा बैंक से नकदी लूटने के मामले में जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आवाज करने वाली पिस्तौल का प्रयोग किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रयास है कि जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाए।
- गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक
105 फोटो सीसीटीवी फुटेज में बैंक कर्मचारी को पिस्तौल दिखाता आरोपी चोर।- फोटो : Bhiwani