भिवानी। भिवानी की हवा में प्रदूषण कम नहीं हो रहा है। इसकी वजह से एक्यूआई रेड जोन में ही है। शुक्रवार को भिवानी का एक्यूआई 313 दर्ज किया गया। रोडवेज प्रशासन को भी अब दिल्ली जाने वाली बीएस-6 बसों के संचालन पर संकट मंडराता दिख रहा है। भिवानी डिपो की 26 बीएस-6 बसें दिल्ली तक दौड़ लगा रही हैं। दिल्ली में अगर डीजल वाहनों पर प्रतिबंद लगा तो इन बसों का भी दिल्ली में प्रवेश बंद हो जाएगा। हालांकि अभी ये बसें नियमित रूप से चल रही हैं।
भिवानी के रोडवेज महाप्रबंधक डॉ. नेत्रपाल खत्री का कहना है कि दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर चला गया है, वहीं हरियाणा प्रदेश में भी एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्तर तक पहुंच गया है। हरियाणा रोडवेज की सभी बसों में वायु प्रदूषण रोकने के लिए बीएस-6 मापदंडों को अपनाया गया है, जो वाहनों से निकलने वाले धुएं की रोकथाम के लिए आधुनिकतम तकनीक है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज की भिवानी डिपो से 26 बस प्रतिदिन दिल्ली के लिए जाती है। इनमें 20 बसें भिवानी डिपो से, चार बसें तोशाम सब डिपो से, दो बसें लोहारू सब डिपो से दिल्ली की तरफ यात्रियों को ले जाने व लाने का कार्य करती है। इन सभी बसें में बीएस-6 तकनीक का प्रयोग वायु प्रदूषण को रोकने के लिए किया गया गया है। ऐसे में उनका मानना है कि वाहनों से निकलने वाले पॉल्यूशन में रोडवेज की बहुत बड़ी भूमिका नहीं है। फिर भी यदि राज्य सरकार या दिल्ली सरकार इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश जारी करते हैं तो वे दिल्ली की तरफ बसें ले जाने को लेकर विचार-विमर्श कर सकते हैं। फिलहाल दिल्ली की तरफ जाने वाली रोडवेज बसों में कोई व्यवधान नहीं है।
-
शहर की सड़कों पर उठ रही है धूल
शहर में कई जगहों पर सड़कों पर डिवाइडर निर्माण व कुछ हिस्से में सड़क का काम अधूरा छोड़ा हुआ है। जहां वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ रही है। ये धूल वाहन चालकों के साथ राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ा रही हैं। मगर अभी तक न तो प्रशासन ने कोई ध्यान दिया है न जिला प्रशासन इसकी सुध ले रहा है।