फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: ऑटो चालक से एक लाख रुपये और मोबाइल लूटा, तीन युवकों ने डंडों से की पिटाई

Sun, 02 Nov 2025 01:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
सामान्य अस्पताल में भर्ती  घायल ऑटो ड्राइवर नवीन।
विज्ञापन
भिवानी। गांव देवसर में ऑटो चालक नवीन के साथ तीन असामाजिक तत्वों द्वारा बेरहमी से मारपीट कर एक लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने नवीन को डंडों से इतना पीटा कि उसके हाथ की उंगलियां और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना 30 अक्तूबर की शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
विज्ञापन

घायल नवीन को भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को दो दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी रोष है। जानकारी के अनुसार देवसर गांव नवीन ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता है। 30 अक्तूबर को वह भिवानी की ओर आ रहा था।
उसी दिन गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे भिवानी की मंडी में किसी को देने के लिए एक लाख रुपये की नकद राशि सौंपी थी। इस रकम की भनक गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों को लग गई। शाम करीब साढ़े तीन से साढ़े चार बजे के बीच जब नवीन देवसर के पास लोहारू रोड पर गंदे नाले के समीप पहुंचा तभी बाइक पर सवार गांव के ही तीन युवकों ने उसे रोक लिया। उन्होंने डंडों से नवीन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
विज्ञापन

हमले में नवीन के हाथ की उंगलियां और पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश नवीन से एक लाख रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। खून से लथपथ अवस्था में नवीन को वहीं छोड़ दिया। कुछ देर बाद पास ही पुरानी गाड़ियों में रंग-रोगन का काम कर रहे उसके भतीजे मंगल की नजर उस पर पड़ी। मंगल ने तुरंत नवीन को उठाकर भिवानी नागरिक अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना जूई पुलिस थाने को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही जूई थाने के जांच अधिकारी सुरेश कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल नवीन के बयान दर्ज किए। उन्होंने परिवार को निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटना की जानकारी मिलने पर जन संघर्ष समिति भिवानी के संयोजक, माकपा नेता एवं भिवानी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कॉमरेड ओमप्रकाश, सीटू जिला सचिव एवं संघर्ष समिति के सह-संयोजक अनिल कुमार, राजाराम और अमीर सिंह नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल नवीन और उसके परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली।
कॉमरेड ओमप्रकाश ने मौके से ही जूई थाने के इंचार्ज से बात की और मामले में शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटी गई राशि व मोबाइल की बरामदगी की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से तत्काल संज्ञान लेने, आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और रिमांड लेकर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें