ग्रीन बेल्ट में पड़ा मकानों का मलबा।
भिवानी। बिना किसी रखवाली के शहर की खूबसूरती पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। शहर के कोर्ट रोड स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय के सामने मकान मालिकों ने मकान तोड़कर निकाली गई सामग्री ग्रीन बेल्ट में डाल दी जिससे हुडा द्वारा बनाई गई हरियाली पूरी तरह नष्ट हो गई। मकान मालिकों ने ग्रीन बेल्ट की चहारदीवारी भी तोड़ दी लेकिन जिम्मेदार हुडा अधिकारी जानकर भी अनजान बने हुए हैं। ग्रीन बेल्ट नष्ट करने पर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दरअसल शहर के बासिया भवन से लघु सचिवालय की तरफ जाने वाले मार्ग पर सड़क के बीच में करीब चार किलोमीटर लंबी ग्रीन बेल्ट बनाई गई थी ताकि शहर की सुंदरता को बढ़ाया जा सके। इसी मार्ग पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का कार्यालय भी स्थित है। लेकिन अधिकारियों ने ग्रीन बेल्ट बनाने के बाद उसकी देखरेख करना ही भूल गए। सनसिटी सिनेमा मार्ग की तरफ से आने वाले मार्ग पर मकान निर्माण से निकलने वाले मलबे को मकान मालिकों ने ग्रीन बेल्ट में डालकर हरियाली को तहस-नहस कर दिया है। इसके साथ ही ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री भी तोड़ दी गई है। मकान निर्माण में काम करने वाले मजदूरों के लिए यहां अस्थायी निवास स्थान भी बनाए गए हैं जिन्हें रोकने वाला कोई नहीं है।
मजदूरों के लिए बना दिए अस्थायी घर
बिना किसी अधिकारियों के खौफ के मकान मालिकों ने मजदूरों के लिए अस्थायी घर भी बना दिए हैं। ग्रीन बेल्ट की टूटी बाउंड्री पर धड़ल्ले से वाहनों की पार्किंग हो रही है। टूटी हुई ग्रिलें इधर-उधर पड़ी हैं जो कभी भी चोरी हो सकती हैं।