विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान करते हुए दिलबाग सिंह व अन्य।
भिवानी। भीम स्टेडियम में आयोजित ‘अस्मिता- खेल ही मेरी पहचान’ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बेटियों ने दमदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने बताया कि भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के संयुक्त तत्वावधान में बेटियों को सभी खेल क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह मंच देशभर में सक्रिय है। इसके माध्यम से जिलास्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बालिकाओं को प्रेरित किया जा रहा है ताकि भविष्य की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वे देश का नाम रोशन कर सकें।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राममेहर बूरा ने कहा कि ‘अस्मिता—खेल ही मेरी पहचान’ अभियान के तहत नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें विश्वस्तरीय एथलीट के रूप में तैयार किया जाएगा। मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने प्रतियोगिता के परिणाम बताते हुए कहा कि ट्रायथलान सी ग्रुप में वोमिका ने पहला, इशिका ने दूसरा और प्रीति ने तीसरा स्थान हासिल किया। ट्रायथलान बी ग्रुप में इशो प्रथम, राखी द्वितीय और दीक्षु तृतीय रहीं। ट्रायथलान ए ग्रुप में रश्मिता ने पहला, रितिका ने दूसरा और दीक्षा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
16 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों की भाला फेंक स्पर्धा में सुमित प्रथम, दिव्या द्वितीय और प्राची तृतीय रहीं। लांग जंप में मुस्कान ने पहला, दिव्या ने दूसरा और प्रतिभा ने तीसरा स्थान पाया। 60 मीटर दौड़ में मुस्कान प्रथम, प्रतिभा द्वितीय और अंकुश तृतीय रहे। वहीं 600 मीटर दौड़ में प्रीति ने पहला, प्रतिभा ने दूसरा और रिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पदक विजेताओं को पर्यवेक्षक विकास चोपड़ा, एथलेटिक्स कोच राजेंद्र उर्फ गोली मुंढाल, संजय कुमार हालुवास, प्रियंका तथा खेल प्रशिक्षक रणजीत ने शुभकामनाएं देते हुए प्रोत्साहित किया।